Latest news

नाली में होटल का कचरा, निगम का शिकंजा, रेड डायमंड होटल पर ₹5,000 जुर्माना, कमिश्नर सर्वे सख्त

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


बिलासपुर।
शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नगर निगम अब सीधे कार्रवाई के मूड में है। नाली में खाद्य पदार्थ डालकर जाम पैदा करने के मामले में तोरवा क्षेत्र स्थित होटल रेड डायमंड पर ₹5,000 का जुर्माना ठोका गया। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे सुबह स्वयं सफाई निरीक्षण पर निकले।


निरीक्षण के दौरान पाया गया कि होटल द्वारा नाली में खाद्य अपशिष्ट डाला गया है, जिससे नाली पूरी तरह अवरुद्ध हो गई थी और आसपास गंदगी फैल रही थी। मौके पर ही संज्ञान लेते हुए कमिश्नर के निर्देश पर होटल प्रबंधन के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई।
सुबह सड़क पर, शाम बैठक में—स्वच्छता पर दो टूक संदेश
सुबह शहर के विभिन्न मोहल्लों में निरीक्षण के बाद, शाम को कमिश्नर श्री सर्वे ने विकास भवन में स्वच्छता निरीक्षकों और सर्वेक्षण के नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में साफ शब्दों में कहा गया कि सफाई कार्य और कचरा कलेक्शन में किसी भी स्तर की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी
सभी सेनेटरी इंस्पेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, नाली सफाई और कचरा उठाव की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए गए। सड़कों पर रखे सी एंड डी वेस्ट (मलबा) को लेकर अभियान चलाने और जुर्माने की कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया।
सिंगल यूज़ प्लास्टिक, मलबा और खुले में कचरा—तीनों पर कार्रवाई
बैठक में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नालियों और उन पर लगी जालियों की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर रहा।
निगम में निदान के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण की बात कही गई।
गली-मोहल्लों में जहां कचरा फेंकने की प्रवृत्ति बनी हुई है, वहां न सिर्फ कचरा रोकने बल्कि सौंदर्यीकरण करने की बात भी रखी गई।
होटल और शादी भवन सीधे निशाने पर
शहर के सभी होटल और मैरिज गार्डन को खाद्य अपशिष्ट और कचरे के उचित निपटान को लेकर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कचरा कलेक्शन गाड़ी के अलावा कहीं भी खाद्य पदार्थ या कचरा फेंकने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अनुपस्थित कर्मचारियों पर भी गिरी गाज
बैठक में गैरहाजिर पाए गए कर्मचारियों को नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए। साफ संकेत है कि सफाई व्यवस्था में अब ढिलाई नहीं, जवाबदेही तय होगी।
नगर निगम की इस सख्ती से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन के तेवर साफ नजर आए—मैदान से लेकर बैठक तक, हर स्तर पर कार्रवाई का संदेश।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।