बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की समीक्षा करें तो बेलतरा विधानसभा विकास की उपलब्धियों की एक मजबूत तस्वीर प्रस्तुत करती है। क्षेत्र के युवा विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर छत्तीसगढ़ सरकार ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों को स्वीकृति प्रदान की है, जो आवागमन की दृष्टि से आम जनजीवन के लिए बड़ी राहत साबित होंगी।
विधायक सुशांत शुक्ला की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने बेलतरा विधानसभा अंतर्गत नेवसा से गढ़वट पहुंच मार्ग के नवीनीकरण के लिए 741.67 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस मार्ग की कुल लंबाई 6.325 किलोमीटर है। वहीं अमतरा–लछनपुर मार्ग के लिए 273.94 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसकी कुल लंबाई 2.00 किलोमीटर है। दोनों ही सड़कों के लिए जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की योजना है।
इससे पूर्व भी बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की दर्जन भर से अधिक सड़कों के उन्नयन और नवीन निर्माण को राज्य सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें से अधिकांश सड़कों पर निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कुछ स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। सड़क अधोसंरचना के साथ-साथ क्षेत्र में नगरीय निकाय एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के माध्यम से पंचायतों और शहर के विभिन्न वार्डों में जनहित से जुड़े छोटे-बड़े कई निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों की कुल लागत लगभग 500 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है।
इन उपलब्धियों पर अपनी बात रखते हुए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के प्रति उत्तरदायी रहना उनका कर्तव्य है। जनता से मिले जनादेश की प्रतिपूर्ति तभी संभव है, जब उनकी अपेक्षाओं और विश्वास के मानदंड पर खरा उतरा जाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने बीते दो वर्षों के कार्यकाल में बेलतरा विधानसभा के नाम अनेक कीर्तिमान दर्ज किए हैं, जो क्षेत्र की दशा और दिशा बदलने वाले साबित हो रहे हैं।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” की भावना के साथ कार्य कर रही है। शहरी विकास से लेकर सुदूर ग्रामीण अंचलों तक विकास की चिंता की जा रही है, ताकि शासन की महती योजनाओं और विकास कार्यों से कोई भी व्यक्ति वंचित न रह जाए। इसी मंशा और प्रतिबद्धता के साथ बेलतरा क्षेत्र में विकास की गाथा निरंतर आगे बढ़ रही है और जनता के हितों से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।



