Latest news

चार सूत्रीय मांगों को लेकर सहायक शिक्षकों का जिला स्तरीय आंदोलन, सभी 33 जिला मुख्यालयों में एक साथ प्रदर्शन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ समग्र शिक्षा सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर शुक्रवार 17 जनवरी 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिला मुख्यालयों में सहायक शिक्षकों ने अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर जिला स्तरीय आंदोलन किया। इसी कड़ी में बिलासपुर जिला मुख्यालय के नेहरू चौक, कोन्हरे गार्डन के पास सुबह 11 बजे से धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सहायक शिक्षक शामिल हुए।


आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने सरकार से लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए नारेबाजी की। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से सहायक शिक्षक विभिन्न विसंगतियों और नीतिगत समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन बार-बार अवगत कराने के बावजूद समाधान नहीं हो पाया है। इसी कारण प्रदेशव्यापी आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
ये हैं सहायक शिक्षकों की चार सूत्री प्रमुख मांगें
TET की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर की जाए।
सभी कर्मचारियों को क्रमोन्नति (प्रमोशन) का लाभ दिया जाए।
VSK एप्लिकेशन के माध्यम से उपस्थिति (अटेंडेंस) व्यवस्था समाप्त की जाए।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि इन मांगों को लेकर पूर्व में भी ज्ञापन और संवाद किया गया, लेकिन ठोस निर्णय नहीं लिया गया। आंदोलन के माध्यम से शासन का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
बिलासपुर में आयोजित धरना-प्रदर्शन की अगुवाई सुनील कुमार पाण्डेय, जिलाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन ने की। उन्होंने बताया कि यह आंदोलन केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में एक साथ सभी जिला मुख्यालयों में किया जा रहा है, ताकि सहायक शिक्षकों की आवाज एकजुट होकर सरकार तक पहुंचे।
धरना स्थल पर संगठन के अन्य पदाधिकारी, ब्लॉक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सहायक शिक्षक उपस्थित रहे। आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने अपने अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।