अर्पोरा के मशहूर ‘Birch by Romeo Lane’ में आधी रात के बाद हादसा, अधिकतर किचन स्टाफ झुलसा
मुंबई। उत्तर गोवा के पर्यटक क्षेत्र अर्पोरा में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पॉपुलर नाइट क्लब-रेस्टोरेंट Birch by Romeo Lane में अचानक हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत को आग की लपटों में बदल दिया। इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकांश क्लब का किचन और सर्विस स्टाफ था। कई लोग धुएं से घुटने के कारण जान नहीं बचा सके।
धमाके के बाद लगी आग इतनी तेजी से फैली कि भीतर मौजूद कई लोग बाहर नहीं निकल सके। क्लब में उस समय बड़ी संख्या में कर्मचारी और कुछ पर्यटक मौजूद थे। मरने वालों में 3–4 पर्यटक और महिलाएं भी शामिल होने की पुष्टि हुई है। आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद देर रात तक राहत और बचाव अभियान चला।
शुरुआती जांच में सिलेंडर ब्लास्ट की पुष्टि
पुलिस और फायर अधिकारियों ने बताया कि आग की वजह किचन क्षेत्र में गैस सिलेंडर का फटना रहा। विस्फोट इतना तेज था कि सेकंडों में आग क्लब के अन्य हिस्सों तक फैल गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर कई लोगों की मौत का कारण सफ़ोकेशन (दम घुटना) बताया गया है।
मुख्यमंत्री सावंत ने किया स्थल निरीक्षण, जांच के आदेश
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सुबह घटना स्थल का दौरा किया और इसे “राज्य के लिए बेहद पीड़ादायक दिन” बताया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल विस्तृत जांच के निर्देश दिए और कहा कि यदि फायर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, तो जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बचाव दल की कड़ी मेहनत के बाद भी नहीं बचाई जा सकी कई जानें
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां लगभग पूरी रात मौके पर जुटी रहीं। टीम ने आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए लंबे समय तक प्रयास किया। झुलसे और दम घुटने से प्रभावित लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई शव पहचान से बाहर स्थिति में मिले।
एक साल पहले शुरू हुआ था यह हाई-एंड क्लब
‘Birch by Romeo Lane’ पिछले वर्ष ही खुला था और यह अर्पोरा-बागा बेल्ट में तेजी से लोकप्रिय हुआ था। शनिवार रात क्लब में वीकेंड पार्टी चल रही थी, तभी यह भीषण हादसा हो गया।



