Latest news

सिम्स अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण को लेकर बड़ी कार्रवाई, HICT की अहम हुई बैठक

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

अधिष्ठाता–चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन में संक्रमण रोकथाम की नई रणनीतियाँ तय, SOP व चेकलिस्ट जल्द अंतिम रूप में
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में अस्पताल संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए शनिवार को हॉस्पिटल इंफेक्शन कंट्रोल टीम (HICT) की अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह और टीम के अध्यक्ष डॉ. समीर पैकरा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। इससे पहले 3 दिसंबर को हॉस्पिटल इन्फेक्शन कंट्रोल कमिटी (HICC) की बैठक अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति की अध्यक्षता में हुई थी, जिसके निर्णयों को आगे बढ़ाते हुए यह दूसरी महत्वपूर्ण बैठक की गई।
बैठक में डॉ. सागरिका प्रधान, डॉ. संजय गीले, डॉ. सुचिता, डॉ. प्रभात श्रीवास्तव, नर्सिंग सुपरीटेंडेंट सरिता बहादुर, उज्ज्वला दास, तथा नर्सिंग स्टाफ पुष्पलता शर्मा, गीता पासवान, अंजू लक्ष्मी, संदीप कौर, सरिता टोप्पो, अनामिका राय, रेनू साहू, योगेश्वरी, नेहा, गरिमा पाण्डेय और कमलेश दीवान सहित संबंधित विभागों के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
मॉपिंग से लेकर CSSD मॉनिटरिंग तक—कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा
बैठक में अस्पताल संक्रमण नियंत्रण प्रणाली को वैज्ञानिक, मानक और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई—
मॉपिंग की वैज्ञानिक एवं मानक प्रक्रिया को सभी वार्डों में अनिवार्य रूप से लागू करने पर सहमति।
नर्सिंग सहित अन्य स्टाफ के लिए नियमित इन्फेक्शन कंट्रोल प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
फर्नीचर मेंटेनेंस का निर्धारित शेड्यूल सख्ती से पालन किया जाएगा।
दैनिक एवं साप्ताहिक मूल्यांकन को पूर्व की तुलना में अधिक व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जाएगा।
मैनेजमेंट इनफॉर्मेशन सिस्टम (MIS) के माध्यम से सभी चेकलिस्ट का डिजिटल संधारण किया जाएगा।
बैठक में यह फैसला भी हुआ कि नर्सिंग टीम अपनी चेकलिस्ट गूगल शीट/गूगल फॉर्म के जरिए सबमिट करेगी, जिससे रिकॉर्डिंग और मूल्यांकन की प्रक्रिया और पारदर्शी होगी।
स्पिल मैनेजमेंट किट हर वार्ड में उपलब्ध होगी
सभी वार्डों में स्पिल मैनेजमेंट किट उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट को प्रोटोकॉल के तहत सेग्रीगेशन के बाद सुरक्षित स्थान पर संग्रहित करने के निर्देश दिए गए।
हॉस्पिटल इंफेक्शन कंट्रोल टीम ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और नई चेकलिस्ट को शीघ्र अंतिम रूप देने का निर्णय लिया। साथ ही तय हुआ कि हर माह के चौथे शनिवार को नियमित HICT बैठक आयोजित की जाएगी।
भविष्य में CSSD (सेंट्रल स्टेरलाइज सप्लाई डिपार्टमेंट) और लॉन्ड्री यूनिट की मॉनिटरिंग को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर देने का निर्णय लिया गया।
अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति का वक्तव्य
“अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा की पहली शर्त है। हमारा लक्ष्य सिम्स को संक्रमण-नियंत्रण के उच्चतम मानकों पर स्थापित करना है। टीमवर्क और सतत मॉनिटरिंग से हम बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित कर रहे हैं।”
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह का वक्तव्य
“हॉस्पिटल इंफेक्शन कंट्रोल टीम की नियमित बैठकें अस्पताल की गुणवत्ता सुधार प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हम सभी विभागों में स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षित कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मरीजों को सुरक्षित वातावरण मिले, यही हमारी प्राथमिकता है।”

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।