Latest news

छत्तीसगढ़ में बेटियां असुरक्षित… कॉलेज लौटती छात्रा का रास्ता रोककर तीन युवकों की छेड़छाड़, 24 घंटे में गिरफ़्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

Bilaspur। बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र में कॉलेज से घर लौट रही एक युवती के साथ हुई छेड़छाड़ ने महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 19 नवंबर 2025 की दोपहर तीन युवकों — तुषार साहू, कोमल साहू और नितेश साहू — ने सड़क पर युवती का रास्ता रोका, जबरदस्ती छेड़छाड़ की और विरोध करने पर गाली-गलौज कर उसे धमकाया। पीड़िता ने घर पहुंचकर कोटा थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके बाद तुरंत मामला दर्ज किया गया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धारा 74, 296 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाकर 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तुषार उर्फ छोटू साहू, कोमल साहू और नितेश साहू को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले से पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज नाम हैं— तुषार पर 12, नितेश पर 3 और कोमल पर 4 अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध हैं। लगातार विवादों, मारपीट और गाली-गलौज की शिकायतों के कारण कोटा थाने में सभी तीनों की गुंडा फाइल भी खोली गई है।
पीड़िता से छेड़छाड़ की यह वारदात शहर के भीड़भाड़ वाले रास्ते पर दिनदहाड़े हुई, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और भय दोनों बढ़ा दिए हैं। महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए बिलासपुर पुलिस ने पूरे मामले को प्राथमिकता पर लिया और टीमों को तैनात किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने भी स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में ढील नहीं मिलेगी।
कोटा की इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और अपराधियों के मन में फैलते बेखौफ रवैये को उजागर कर दिया है, जहां कॉलेज लौटती एक युवती भी सुरक्षित नहीं रही।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।