देवलाल ठाकुर का हमला—“कांग्रेस ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक समझा, इतिहास से लेकर राजनीति तक हर मंच पर की उपेक्षा”
बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्षों में आदिवासी समाज को न्याय दिलाने का काम भाजपा ने किया, जबकि कांग्रेस ने उन्हें हमेशा वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति एक परिवार तक सीमित रही और इसी परिवारवाद ने आदिवासी समाज को वह सम्मान कभी नहीं दिया जिसके वे हकदार थे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर लाने का ऐतिहासिक काम किया है। 15 नवंबर को मनाया जा रहा आदिवासी गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को समर्पित है। साथ ही उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खुलकर प्रशंसा की और बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़े बदलाव की दिशा बताया।
प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि वीर नारायण सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत जैसे आदिवासी योद्धाओं के योगदान को कांग्रेस ने इतिहास में उचित स्थान नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा कि देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चुनाव के समय कांग्रेस का विरोध उनके वास्तविक चरित्र को उजागर करता है।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, मनोहर राज, लखन पैकरा, केके शर्मा, दुर्गेश पांडेय और देवेश खत्री मौजूद रहे।



