मतदाता सूची संशोधन में पहली बार विधायक–पूर्व सांसद तक को उतारने का फैसला, बीते चुनावों में दिखाई गई दिखावटी सक्रियता पर दबाव बढ़ा
बिलासपुर, रायपुर।छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने मतदाता सूची के संशोधन काम को लेकर संगठन के शीर्ष स्तर तक हलचल बढ़ा दी है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटियों ने घोषणा की है कि कांग्रेस के सभी बड़े नेता—विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, निगम-मंडल के पूर्व पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, संगठन और मोर्चा-विभाग के पदाधिकारी—को सीधे बीएलए-02 के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
मतदाता सूची अपडेट की सामान्य प्रक्रिया के बीच इतनी भारी-भरकम टीम को मैदान में उतारने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। बीते चुनावों में कई नेता केवल चुनाव आते ही सक्रिय दिखे थे, और अब पार्टी ने उसी प्रवृत्ति पर दबाव बढ़ाते हुए सभी को उनके ही बूथ में बीएलए-02 की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है।
शहर अध्यक्ष विजय पांडेय और ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि एसआईआर लागू होने के बाद मतदाता सूची नए प्रारूप में बन रही है—नाम जोड़ने, मृतकों के नाम हटाने और नए निवासियों के अपडेट की प्रक्रिया को देखते हुए पार्टी बूथ-स्तर पर अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है।
सभी पदाधिकारियों को फोटो, बूथ क्रमांक और निर्धारित फॉर्मेट में दस्तावेज़ जमा करने होंगे। शहर प्रवक्ता ऋषि पांडेय पूरे अभियान का समन्वय कर रहे हैं।



