सीएम हाउस से फोन आने के बाद हरकत में आई बिलासपुर पुलिस, मोबाइल लोकेशन बदलने से भटक रही टीम
मो इसराइल बबलू
बिलासपुर, 6 अक्टूबर 2025 |
मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर का एक युवक, जो बिलासपुर शहर में किराए के मकान में रह रहा था, रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। घटना तब और पेचीदा हो गई जब युवक ने खुद ही अपने पिता को फोन कर अपहरण की जानकारी दी और 10 लाख रुपए फिरौती की मांग की, वह भी अपने ही बैंक खाते में रकम जमा करने के लिए कहा। पिता के शिकायत करने और मामला सीएम हाउस तक पहुंचने के बाद पुलिस हरकत में आई और अब सिविल लाइन पुलिस साइबर ट्रैकिंग और तकनीकी जांच में जुटी है।


लापता युवक संजय यादव, एमएससी पास, किराए के मकान में रह रहा था

जानकारी के अनुसार, लापता युवक संजय कुमार यादव (29 वर्ष) मूल रूप से देहराखार नायणपुर, जिला जशपुर का निवासी है। वह बीते 10 वर्षों से बिलासपुर में किराए के मकान में रह रहा था। उसने अपने परिवार को बताया था कि वह कोचिंग सेंटर में पढ़ाने और बैंक में काम करता है। वर्तमान में वह कस्तूरबानगर स्थित किराए के मकान में रह रहा था।
1 अक्टूबर की शाम संजय ने अपने पिता बालेश्वर यादव को फोन कर बताया कि वह गांव लौट रहा है। लेकिन जब वह रात तक घर नहीं पहुंचा, तो पिता ने कई बार कॉल किया — फोन बंद मिला।
अगले दिन पिता बालेश्वर यादव खुद जशपुर से बिलासपुर पहुंचे। संजय के कमरे में ताला बंद मिला और मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। इसके बाद परिवार की बेचैनी और बढ़ गई।
तीन दिन से लापता, फिरौती के फोन ने बढ़ाई सनसनी
तीन दिन की खोजबीन के बाद, 3 अक्टूबर को संजय के पिता को उनके ही बेटे का फोन आया। फोन पर संजय ने बताया कि “आठ से दस लड़कों ने उसका अपहरण कर लिया है और 10 लाख रुपए फिरौती मांग रहे हैं।”
उसने पिता को कई बार फोन किया और बार-बार एक ही बात दोहराई —
“पापा, मुझे छोड़ने के लिए वो लोग 10 लाख मांग रहे हैं… पैसे मेरे ही बैंक अकाउंट में डाल दो।”
जब पिता ने उसका बैंक अकाउंट नंबर मांगा, तो उसने अपना ही खाता नंबर देने को कहा। यह बात पुलिस के लिए सबसे बड़ा रहस्य बनी हुई है।
सीएम हाउस से फोन आने पर हरकत में आई पुलिस
घटना की जानकारी जशपुर स्थित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निवास तक पहुंची। वहां से फोन आने के बाद सिविल लाइन पुलिस तुरंत हरकत में आई।
3 अक्टूबर को गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से बढ़ी उलझन
साइबर सेल ने जांच में पाया कि युवक का मोबाइल कभी बिलासपुर, कभी गौरेला, तो कभी रायगढ़ में सक्रिय हो रहा है। बार-बार फोन बंद और चालू होने से पुलिस की सर्चिंग दिशा बदलती जा रही है।
टीम अब तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर उसकी अंतिम लोकेशन ट्रेस करने में लगी है।
युवती से चल रही पूछताछ — साथ रह रहा था किराए के मकान में
जांच में सामने आया है कि संजय बिलासपुर के कस्तूरबानगर में कोरबा क्षेत्र की एक युवती के साथ रह रहा था।
शनिवार को पुलिस ने युवती को थाने बुलाकर पूछताछ की। उसने बताया —
“संजय ने कहा था कि वह गांव जा रहा है। उसके बाद कोई संपर्क नहीं हुआ।”
पुलिस अब युवती के बयान और संजय के मोबाइल रिकॉर्ड्स को मिलाकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
स्वयं फोन कर दे रहा अपहरण की सूचना — उलझन में जांच टीम
पुलिस के लिए यह मामला किसी रहस्य से कम नहीं। आमतौर पर फिरौती की कॉल अपहरणकर्ता करते हैं, लेकिन यहां युवक स्वयं फोन कर अपने अपहरण की कहानी सुना रहा है और फिरौती अपने ही खाते में जमा करने को कह रहा है।
यह संदेह भी जताया जा रहा है कि कहीं वह किसी मानसिक दबाव या व्यक्तिगत उलझन में तो नहीं फंसा है।
सिविल लाइन पुलिस की सक्रियता
सिविल लाइन थाना प्रभारी और साइबर टीम ने युवक के बैंक खाते, फोन रिकॉर्ड, और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन डिटेल खंगालने शुरू कर दिए हैं।
सीएसपी निमितेश सिंह परिहार ने बताया —
“लापता युवक की तलाश सरगर्मी से जारी है। वह स्वयं फोन कर अपहरण की बात कह रहा है और अपने खाते में फिरौती मांग रहा है। पुलिस हर संभावना पर काम कर रही है।”
अब तक की जांच में सामने आए तथ्य
बिंदु जानकारी लापता युवक संजय कुमार यादव (29), निवासी – जशपुर पढ़ाई एमएससी वर्तमान निवास कस्तूरबानगर, बिलासपुर घटना की तारीख 1 अक्टूबर 2025 पुलिस कार्रवाई 3 अक्टूबर से गुम इंसान दर्ज फिरौती की मांग 10 लाख रुपये बैंक खाता स्वयं का जांच में शामिल सिविल लाइन थाना, साइबर सेल लोकेशन ट्रेस बिलासपुर, गौरेला, रायगढ़
पुलिस के लिए चुनौती बना अजीबोगरीब केस
- युवक खुद अपहरण की कहानी रच रहा है
- फिरौती अपने बैंक खाते में मांग रहा है
- मोबाइल लोकेशन बार-बार बदल रही
- युवती से पूछताछ जारी
- तकनीकी जांच से सच्चाई का इंतजार



