Latest news

विश्व वृद्धजन दिवस : बुजुर्गों के सम्मान और स्वास्थ्य के नाम एक दिन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

Mohammed israil


कल्याण कुंज वृद्धाश्रम व अपोलो हॉस्पिटल्स ने किया विशेष आयोजन, 45 वरिष्ठजन हुए लाभान्वित

बिलासपुर। उम्र ढलती है, तो शरीर और मन दोनों को सहारे की ज़रूरत होती है। विश्व वृद्धजन दिवस पर बुधवार को बिलासपुर के कल्याण कुंज वृद्धाश्रम का माहौल बिल्कुल खास रहा। अपोलो हॉस्पिटल्स और जनपरिषद बिलासपुर के संयुक्त प्रयास से यहां बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य जांच, जागरूकता और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने वृद्धाश्रम को जीवन और अपनापन से भर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल ने बुजुर्गों को समाज की धरोहर बताते हुए कहा कि “वरिष्ठजनों का सम्मान और देखभाल हमारी सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है।”

स्वास्थ्य शिविर में अपोलो प्रिवेंटिव केयर विभाग के फिजिशियन डॉ. मंदार गोकाते ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, गठिया और अल्जाइमर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और समय पर जांच को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की सलाह दी। शिविर में मधुमेह, एचबीए1सी, लिपिड प्रोफाइल और लिवर फंक्शन टेस्ट जैसी जांचें निःशुल्क की गईं।

इस मौके पर वृद्धाश्रम के 45 वरिष्ठजन सम्मानित किए गए। कलेक्टर ने सभी निवासरत बुजुर्गों को शाल, श्रीफल और साड़ी भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

जनपरिषद बिलासपुर के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, सचिव नवनीत अग्रवाल, महासचिव अरुणा दीक्षित, सुरेश गोयल, डीएस राजपाल, सीता सौंथलिया, सतीश शाह और राकेश झा भी उपस्थित रहे।

वृद्धाश्रम में गूंजते तालियों के बीच बुजुर्गों की मुस्कान ने यह संदेश दिया कि सम्मान और देखभाल ही जीवन की असली पूंजी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।