Mohammed israil
बिलासपुर,vरतनपुर। नवरात्र की सप्तमी पर आस्था के महाकुंभ महामाया मंदिर में खूनखराबे की वारदात ने श्रद्धालुओं में दहशत फैला दी। लाइट ठेकेदार के कर्मचारी और उसके दोस्त पर मंदिर परिसर में कुछ युवकों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। देखते ही देखते पूरा परिसर अफरा-तफरी से गूंज उठा। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर लाया गया, जहां से गंभीर हालत में एक को सिम्स रेफर करना पड़ा।



घायल दीपक गुप्ता, निवासी लखराम ने बताया कि वह ज्योति कलश भवन के ऊपर लाइट व्यवस्था देख रहा था। तभी कुछ युवक वहां बैठ गए। उन्हें करंट के खतरे की वजह से हटने कहा तो दो लड़कों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर साथी दौड़े और खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक ही रात में दो जगह चाकूबाजी
विदित हो कि सप्तमी की रात रतनपुर में दो अलग-अलग जगहों पर चाकूबाजी हुई। लगातार वारदातों ने पूरे शहर को दहला दिया है और श्रद्धालुओं में भय का माहौल है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नवरात्र जैसे भीड़भाड़ वाले पर्व में जब लाखों श्रद्धालु महामाया मंदिर पहुंचते हैं, उस समय मंदिर परिसर और पूरे रतनपुर में चाकूबाजी की वारदात होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा घेरा मजबूत नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।



