Mohammed israil
बिलासपुर,रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। राज्य के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील को मुख्य सचिव बनाया जा रहा है। वे 1994 बैच के अधिकारी हैं और लंबे समय से केंद्र तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन इसी महीने सेवा निवृत्त हो रहे हैं, जिसके बाद विकासशील पदभार ग्रहण करेंगे।
विकासशील फिलहाल एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में उन्हें इस पद से रिलिव कर दिया गया है, ताकि वे वापस देश लौटकर नई जिम्मेदारी संभाल सकें। इससे पहले वे जल जीवन मिशन समेत कई केंद्रीय योजनाओं में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव और नीति निर्माण में दक्षता को देखते हुए उन्हें इस अहम पद के लिए चुना गया है।
अपने लंबे करियर में विकासशील छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कलेक्टर और विभिन्न विभागों में सचिव रह चुके हैं। बिलासपुर में कलेक्टर रहते हुए उन्होंने कई विकासात्मक योजनाओं को आगे बढ़ाया था, जिसकी चर्चा आज भी प्रशासनिक हलकों में होती है। उनकी कार्यशैली और निर्णय क्षमता ने उन्हें राज्य के प्रभावशाली अधिकारियों में शामिल किया।
राज्य सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर विकासशील की सेवाएं छत्तीसगढ़ को सौंपने का अनुरोध किया था, जिसे केंद्र ने स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही उनके डीओपीटी से वापस लौटने की औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। आने वाले दिनों में वे रायपुर पहुंचकर पदभार ग्रहण करेंगे।
अमिताभ जैन, जो तीन बार सेवा विस्तार पा चुके हैं, इस महीने के अंत तक सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके बाद विकासशील छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव के रूप में प्रशासनिक कमान संभालेंगे।



