एनएचएआई और टोल प्रबंधन की खामियों पर पुलिस सख्त—बैठक में बरसी फटकार, सुधार के लिए दिए 21 बड़े निर्देश
✍️ mohammed israil
Bilaspur Chhattisgarh बिलासपुर। बिलासपुर के नेशनल हाईवे और टोल प्लाजा पर दिन-प्रतिदिन बढ़ते हादसों ने प्रशासन को झकझोर दिया है। हाईवे पर गलत तरीके से बने स्पीड ब्रेकर, अवैध ढाबों के सामने खड़े भारी वाहन, सड़क किनारे अतिक्रमण और आवारा मवेशियों का विचरण लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।



यातायात मुख्यालय में हुई बैठक में पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि अब इस लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में हुई बैठक में हाईवे और टोल प्रबंधन के अधिकारियों को फटकार लगाई गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले हर तत्व पर अब वैधानिक कार्रवाई होगी। ढाबों के सामने अनधिकृत पार्किंग, रोड कॉलर पर अतिक्रमण, ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल वाले ट्रक, शराबखोरी जैसी प्रवृत्तियों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
🚨 हाईवे हादसों की बड़ी वजहें
- ग़लत और बिना मानक के बने स्पीड ब्रेकर
- ढाबों के सामने खड़े भारी वाहन
- सड़क किनारे का अतिक्रमण
- आवारा मवेशियों का विचरण
- सड़क पर छोड़े गए मृत पशु
- रात में अंधेरे हाईवे पर लाइटिंग सिस्टम का अभाव
बैठक में दिए गए अहम निर्देश
- अवैध ढाबों और अतिक्रमणकारियों पर तुरंत नोटिस और कार्रवाई।
- सभी टोल प्लाजा पर यातायात नियमों और जुर्माने की सूची वाले डिस्प्ले और एनाउंसमेंट।
- हाईवे पेट्रोलिंग टीम को गलत पार्किंग हटाने और रेडियम कॉन्स लगाने के निर्देश।
- दुर्घटना-जन्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) पर रेडियम होर्डिंग्स और इंजीनियरिंग सुधार।
- मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने और घायल पशुओं को उपचार दिलाने की जिम्मेदारी।
- ढाबों पर अवैध शराब बिक्री पर रोक और दोषियों पर केस।
- बिना हेलमेट पेट्रोल न मिलने का नियम सभी पंप पर लागू।
- ओवरलोडेड और बिना तिरपाल वाले ट्रकों पर कड़ी कार्रवाई।
प्रशासन का रुख
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि—
“हाईवे पर जानलेवा लापरवाही अब और नहीं चलेगी। जिम्मेदार विभाग अगर चूकते हैं तो कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।”



