


बिलासपुर । महिला संगठनों द्वारा सावन उत्सव को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है, और इस कड़ी में अभिषेक विहार फेस 2 की महिलाओं ने 27 जुलाई को एक बेहद खास कार्यक्रम का आयोजन किया। इस उत्सव में महिलाओं ने अपनी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा को बखूबी दर्शाया। कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाएं पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में सजी-धजी नजर आईं, जिससे पूरे माहौल में लोक संस्कृति की छटा बिखर गई। उत्सव का आरंभ कुर्सी
दौड़ प्रतियोगिता से हुआ, जिसमें महिलाओं ने खूब जोश दिखाया। इसके बाद, सभी के लिए सबसे रोमांचक रहा छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रतियोगिता। महिलाओं ने अपनी पाक कला का प्रदर्शन करते हुए फरा, चीला, गुलगुला जैसे अनेक पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजन बनाए, जिसने सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने छत्तीसगढ़ का गौरव गान “अरपा पैरी के धार” गीत गाया, और उसके बाद “मोला दे देना लाली लुगरा” जैसे लोकप्रिय गीतों पर कल्याणी शर्मा और ममता यादव ने जमकर थिरकीं। इस दौरान सभी ने खूब मनोरंजन किया और एक-दूसरे के साथ मिलकर सावन के इस पावन महीने का आनंद लिया। इस सफल आयोजन में मुख्य रूप से श्रीमति प्रमिला त्रिपाठी, कल्याणी शर्मा, ममता यादव, रिंकी शर्मा, पूजा यादव, मंजू ध्रुव, पिंकी रौतेल, मंजुषा तांबे, गुड़िया उपाध्याय, गौरी मरकाम, मोनी यादव, वंदना गुप्ता, मोंटी शर्मा, संतोषी ध्रुव, प्रभा देवांगन, हेमलता कंवर सहित कई अन्य महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। यह आयोजन महिलाओं के बीच एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक बेहतरीन उदाहरण रहा।



