Latest news

कांग्रेस में कलह: कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग, पीसीसी को की निष्कासन की अनुशंसा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर, 18 फरवरी 2025: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में आंतरिक विवाद गहराता जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर (शहर एवं ग्रामीण) ने कोटा विधायक  अटल श्रीवास्तव के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उनके अनुशासनहीन व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की है। पूर्व उप मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्टी.एस. सिंहदेव की उपस्थिति में हुई घटना ने पार्टी के अंदर खलबली मचा दी है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पाण्डेय और विजय केशरवानी द्वारा भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि विधायक अटल श्रीवास्तव ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। यह घटना 17 फरवरी 2025 को हुई बैठक के दौरान सामने आई, जिसमें विधायक ने सार्वजनिक रूप से कहा, “तुममें मेरे लिए कोई उपयोग नहीं है।” इस बयान को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और सदस्यों में रोष फैल गया है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधायक ने मीडिया में पार्टी के खिलाफ बयान देकर ‘पारस्परिक सम्मान’ के सिद्धांत का उल्लंघन किया है। नगर निगम और पंचायत चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ प्रचार करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केसरवानी ने कहा कहा कि विधायक का यह व्यवहार न केवल पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि संगठन की एकता को भी खतरे में डाल रहा है। उन्होंने मांग की है कि पार्टी के नियमों के तहत विधायक को अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना चाहिए और उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह मामला अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी और हाईकमान तक पहुंच चुका है। पत्र की प्रतियां कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों और मीडिया को भी भेजी गई हैं, जिससे यह मुद्दा और भी तूल पकड़ सकता है।

खबर में अपडेट जारी है

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।