Latest news

भाजपा ने महापौर दावेदारों को संतुष्ट किया पार्षद टिकट देकर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

00 मेयर पद के लिए पूजा विधानी के नाम की घोषणा होने के बाद 70 वार्ड के पार्षद प्रत्याशियों की स्थिति हुई स्पष्ट

00 छह वार्डो के उम्मीदवारों की नहीं हुई थी घोषणा

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने नगर पालिक निगम बिलासपुर के पार्षदों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 6 नाम शामिल हैं, जिन्हें पार्टी ने विभिन्न वार्डों से पार्षद प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है। दिलचस्प बात यह है कि इन नामों में से अधिकांश वे हैं, जो पहले महापौर पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे। पार्टी ने इन्हें महापौर पद की टिकट न देकर पार्षद के तौर पर चुनाव लड़ने का मौका दिया है।

सूची के अनुसार, तिलक नगर वार्ड से अ.पि.वर्ग महिला सीट पर श्रीमती अंजनी लक्ष्मीनारायण कश्यप को मौका दिया गया है। लक्ष्मी नारायण कश्यप उर्फ बबलू महापौर पद की रेस में काफी आगे चल रहे थे, लेकिन आखिर में पार्टी ने पूजा विधानी को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया। वहीं पं. मुनलाल शुक्ल नगर से अ.पि.वर्ग सीट पर  विनोद सोनी को उम्मीदवार बनाया गया है। अन्य दावेदारों में वसंत भाई पटेल नगर से  बंधु मौर्य, महाराणा प्रताप नगर से  दुर्गा सोनी, शहीद हेमू कालानी नगर से  बलराम राव और कपिल नगर से विजय ताम्रकार का नाम शामिल है।

जानकारी के अनुसार, ये सभी नेता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता और महापौर पद के मजबूत दावेदार थे। हालांकि, पार्टी ने उन्हें महापौर की टिकट न देकर पार्षद के रूप में संतुष्ट करने की रणनीति अपनाई। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि भाजपा ने इस कदम के जरिए संभावित असंतोष को नियंत्रित किया है और कार्यकर्ताओं के भीतर संतुलन बनाए रखा है।

भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल और शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने इस सूची को जारी करते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी ने सभी वर्गों और समुदायों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी तरीके से प्रत्याशियों का चयन किया है। यह निर्णय आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।