



बिलासपुर। भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ बिलासपुर की बैठक गुरुवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। संभाग प्रभारी जयकुमार मिश्रा एवं जिला संयोजक राजेश मिश्रा के नेतृत्व में हुई बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान दे रहे शिक्षकों, शिक्षाविदों और शिक्षण संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षा प्रकोष्ठ से जुड़े सेवानिवृत्त शिक्षक, शिक्षाविद, आत्मानंद स्कूलों के प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य तथा निजी स्कूलों के संचालकों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाले शिक्षकों और शिक्षाविदों की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा गया कि समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों और सदस्यों के बीच विभिन्न जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शुभलक्ष्मी तिवारी, प्रोफेसर चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर, रामदत्त गौरहा, पूर्व परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा बिलासपुर, सहसंयोजक विजय कुमार चंदेल, विद्यानंद साहू, जिला मीडिया प्रभारी राज कुमार शर्मा, जिला कार्यसमिति सदस्य सुश्री शकुंतला दुबे सहित शिक्षा प्रकोष्ठ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



