Latest news

अरपा की अविरल धारा और हरियाली के लिए 2027 में फिर चलेगा पौधारोपण महायज्ञ, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

अरपा अर्पण महाअभियान की वार्षिक बैठक में वर्षभर के कार्यों की समीक्षा, अरपा महाआरती से लेकर स्कूली बच्चों को जागरूक करने तक की बनी कार्ययोजना


बिलासपुर। अरपा मैया के संरक्षण, संवर्धन और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से संचालित अरपा अर्पण महाअभियान की वार्षिक बैठक अध्यक्ष एवं संस्थापक श्याम मोहन दुबे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026 के दौरान किए गए सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत कर वर्ष 2027 में प्रस्तावित गतिविधियों और अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में अरपा नदी के तटों को हरा-भरा बनाने के लिए पौधारोपण अभियान को और गति देने का निर्णय लिया गया। इसके लिए आगामी वर्ष में अन्य सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को भी अभियान से जोड़कर सामूहिक रूप से पौधारोपण किया जाएगा। वर्ष 2027 में प्रस्तावित पौधारोपण महायज्ञ के लिए उपयुक्त स्थान और पौधों की प्रजातियों का चयन जल्द करने पर सहमति बनी।
बैठक में मातृशक्ति की सहभागिता से अरपा मैया की महाआरती और आंवला नवमी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकजुटता के साथ अरपा नदी के प्रति लोगों की आस्था और जिम्मेदारी को भी मजबूत किया जा सकता है।
पेड़ों पर विज्ञापन और पिन लगाने के खिलाफ चलेगा अभियान
पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए पेड़ों में पिन ठोककर विज्ञापन एवं प्रचार सामग्री लगाने की प्रवृत्ति के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने का निर्णय लिया गया। समिति अरपा मैया को स्वच्छ रखने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाएगी, ताकि नदी में कचरा और गंदगी डालने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके।
स्कूली बच्चों को भी बनाएंगे अभियान का हिस्सा
बैठक में नई पीढ़ी को पर्यावरण और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए स्कूली बच्चों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें अरपा मैया के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व, शहर को स्वच्छ रखने तथा सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति बच्चों को जागरूक किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विचार-विमर्श के बाद आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर सहमति जताई और अरपा संरक्षण के इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
ये पदाधिकारी और सदस्य रहे उपस्थित
वार्षिक बैठक में अध्यक्ष एवं संस्थापक श्याम मोहन दुबे, उपाध्यक्ष विशाल धीवर एवं बसंत जायसवाल, कोषाध्यक्ष जय पाठक, सचिव डॉ. रवि पटेल, महासचिव दिग्विजय पाठक, सहसचिव वर्षा ताम्रकार, श्रीमती परि तिवारी एवं पराग यादव सहित सदस्य अमित रंजन पांडेय, राजकुमार जायसवाल, जयंत श्रीवास्तव, संजय जायसवाल, अनिल यादव, आशुतोष शर्मा, डिगेश्वरी पटेल, मनीष पुरी, अभिषेक शर्मा, गिरीश दुबे, कुश तिवारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अरपा मैया के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संकल्प दोहराया गया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।