Latest news

सलमान खान के पीठ पर पिट्ठू बैग, अंदर 35 पाव शराब… सिरगिट्टी पुलिस ने दबोचा, बिक्री के लिए ले जा रहा था अवैध शराब

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

सिरगिट्टी अंडरब्रिज शराब दुकान से सरदार मोहल्ले की ओर जा रहा था आरोपी, पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की; 2800 रुपए की शराब और बजाज डिस्कवर बाइक जब्त, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा
बिलासपुर। शहर में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिरगिट्टी पुलिस ने सलमान खान (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल पर पिट्ठू बैग में देशी शराब के पाव भरकर बिक्री के लिए ले जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 35 पाव देशी मदिरा बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के प्रगति नगर आवासपारा निवासी सलमान खान मोटरसाइकिल बजाज डिस्कवर क्रमांक CG 10 AB 1822 में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए निकलने वाला है। वह सिरगिट्टी अंडरब्रिज स्थित शराब दुकान से सरदार मोहल्ले की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंचने वाला था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, घेराबंदी कर पकड़ा
थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केंवट ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। उसकी पीठ पर पिट्ठू बैग लटका हुआ था। पुलिस को सामने देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सलमान खान, पिता नजीर खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी प्रगति नगर गेट के पास, आवासपारा सिरगिट्टी बताया। पूछताछ में उसने शराब बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।
शराब के साथ बाइक भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पाव देशी मदिरा शराब, जिसकी कीमत 2800 रुपए बताई गई है, बरामद की। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 1822 भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 880/26 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट में अपराध कायम किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी का विवरण: सलमान खान पिता नजीर खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी प्रगति नगर गेट के पास, आवासपारा सिरगिट्टी, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।
जब्ती: 35 पाव देशी मदिरा (कीमत 2800 रुपए) और घटना में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 1822।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।