
जिला कांग्रेस कमेटी शहर/ग्रामीण की प्रेस कांफ्रेंस में उठाया गया था मुद्दा; सुधांशु मिश्रा, रामशरण यादव और विजय पांडेय ने निगम से निविदा निरस्त करने की मांग की थी
बिलासपुर। नगर निगम द्वारा साइंस कॉलेज मैदान में रावण दहन को लेकर जारी की गई निविदा सूचना को निरस्त किए जाने के बाद कांग्रेस ने इसे अपनी तर्कसंगत मांग और नगर निगम को जगाने के प्रयास की जीत बताया है। जिला कांग्रेस कमेटी शहर/ग्रामीण द्वारा आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री सुधांशु मिश्रा, श्री रामशरण यादव और विजय पांडेय ने नगर निगम द्वारा जारी निविदा को लेकर सवाल उठाए थे और इसे निरस्त करने की मांग की थी।
कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि नगर निगम का क्षेत्र अब 70 वार्डों और 5 विधानसभाओं—बिलासपुर, मस्तूरी, बिल्हा, बेलतरा और तखतपुर से मिलकर बना है। ऐसे में दशहरा उत्सव और रावण दहन जैसे सार्वजनिक आयोजन को किसी एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित रखना उचित नहीं है।
पुलिस ग्राउंड से शुरू हुई थी रावण दहन की परंपरा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में रावण दहन की परंपरा पूर्व महापौर श्री राजेश पांडेय जी ने शुरू की थी। उस समय नगर निगम का परिसीमन नहीं हुआ था और निगम का वर्तमान स्वरूप अस्तित्व में नहीं था।
कांग्रेस का तर्क था कि यदि नगर निगम अब दशहरा उत्सव की इस परंपरा का विस्तार करना चाहता है, तो इसका लाभ नगर निगम में शामिल सभी विधानसभा क्षेत्रों को मिलना चाहिए। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में रावण दहन करने वाली समितियों के सदस्यों के साथ-साथ उस क्षेत्र के माननीय सांसद, माननीय विधायकगण और माननीय पार्षदों से भी विचार-विमर्श किया जाना चाहिए।
एमआईसी और सामान्य सभा से प्रस्ताव स्वीकृत कराने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा था कि इस तरह के बड़े सार्वजनिक आयोजन का निर्णय किसी एक स्तर पर या पक्षपातपूर्ण तरीके से नहीं लिया जाना चाहिए। पहले सभी संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श किया जाए और इसके बाद एमआईसी (मेयर-इन-काउंसिल) तथा नगर निगम की सामान्य सभा में प्रस्ताव लाकर उसे स्वीकृत कराया जाए।
इसके बाद निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नगर निगम में शामिल सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में रावण दहन एवं दशहरा उत्सव आयोजित किया जाना चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि दशहरा जैसे सार्वजनिक एवं पारंपरिक आयोजन को लेकर निर्णय लेते समय सभी क्षेत्रों को समान अवसर और प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है।
निविदा निरस्त होने को बताया कांग्रेस के प्रयास की जीत
नगर निगम द्वारा साइंस कॉलेज मैदान में रावण दहन के लिए जारी निविदा को अब निरस्त किए जाने पर कांग्रेस ने इसे अपने द्वारा उठाए गए सवालों की सफलता बताया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से नगर निगम को इस विषय पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर करने और पक्षपातपूर्ण तरीके से जारी निविदा को निरस्त करने की जो तर्कसंगत मांग की गई थी, वह पूरी हुई है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा पक्षपातपूर्ण तरीके से जारी निविदा को निरस्त किया जाना कांग्रेस द्वारा निगम को जगाने के प्रयास की जीत है।
वर्जन
कांग्रेस ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल सभी विधानसभा क्षेत्रों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और भविष्य में दशहरा उत्सव के आयोजन को लेकर सभी जनप्रतिनिधियों, समितियों और संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श कर पारदर्शी निर्णय लिया जाना चाहिए।
विजयपांडेय, पूर्व अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी बिलासपुर



