





बीड में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा का राष्ट्रीय अधिवेशन, केंद्रीय राज्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल; ‘केशर काकू’ को श्रद्धांजलि देकर योगदान को किया याद
बीड। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तथा भारतीय राजनीति के प्रमुख एवं प्रभावशाली नेता तोखन साहू महाराष्ट्र के बीड में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक एवं सामान्य सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय स्तर के इस अधिवेशन में देश के कोने-कोने से राष्ट्रीय पदाधिकारी, वरिष्ठ समाजजन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रतिनिधि शामिल हुए।
अधिवेशन स्थल पर पहुंचने पर राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों तथा समाजजनों ने केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू का भव्य और अभूतपूर्व स्वागत किया।
भक्त माता कर्मा का डाक टिकट पूरे समाज के लिए राष्ट्रीय सम्मान
राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति एवं सामान्य सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने समाज की आराध्य संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जी के स्मारक डाक टिकट का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि माता कर्मा केवल साहू समाज की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की भक्ति, शक्ति और त्याग की प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा, “संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जी केवल हमारे समाज की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की भक्ति, शक्ति और त्याग की प्रतीक हैं। साहू समाज की वर्षों पुरानी यह बहुप्रतीक्षित मांग थी कि माता कर्मा जी के नाम पर स्मारक डाक टिकट जारी हो। मुझे अत्यंत गर्व और संतोष है कि केंद्र सरकार के माध्यम से इस पावन कार्य को पूर्ण करवाने में मुझे माध्यम बनने का सौभाग्य मिला।”
श्री साहू ने कहा कि भक्त माता कर्मा जी के नाम पर डाक टिकट जारी होना महज औपचारिक निर्णय नहीं है। यह राष्ट्रीय स्तर पर पूरे समाज की निष्ठा, देशभक्ति, श्रम और समर्पण का ऐतिहासिक सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि को समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
शिक्षा, कौशल और प्रतियोगी परीक्षाओं से युवाओं को जोड़ने पर जोर
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने तैलिक समाज की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज अपनी अटूट निष्ठा, कठोर परिश्रम और प्रामाणिकता के बल पर देश निर्माण में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता आया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। समाज की सबसे बड़ी प्राथमिकता नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा, तकनीकी कौशल और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं से जोड़ना होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “जब समाज का युवा शिक्षित और सक्षम होगा, तभी हमारा समाज राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी योगदान दे सकेगा।”
श्री साहू ने राष्ट्रीय अधिवेशन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज के बीच परस्पर संवाद, सामाजिक समरसता और एकजुटता को मजबूत करने का काम करते हैं। ऐसे राष्ट्रीय मंच सामाजिक शक्ति को कई गुना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘केशर काकू’ को पुष्पांजलि अर्पित कर किया भावभीना स्मरण
अधिवेशन के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू काकू स्मृति स्थल भी पहुंचे। यहां उन्होंने महाराष्ट्र की पूर्व विधायक तथा अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्री साहू ने केशर काकू के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें समाज की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि देशभर की सामाजिक इकाइयों को एक मंच पर लाने और महिलाओं को सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान करने के लिए केशर काकू ने महत्वपूर्ण कार्य किया।
उन्होंने कहा कि केशर काकू का योगदान वर्तमान और भावी पीढ़ी के लिए हमेशा अनुकरणीय रहेगा।
कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का संकल्प
अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की सामान्य सभा में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने देशभर से पहुंचे शीर्ष नेताओं और प्रबुद्ध समाजजनों के साथ विभिन्न सामाजिक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया।
अधिवेशन में समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और युवाओं को देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई।
राष्ट्रीय स्तर पर ठोस रणनीति तैयार कर इन विषयों पर एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया गया। अधिवेशन ने सामाजिक एकता, युवा शक्ति, महिला नेतृत्व और शिक्षा के माध्यम से समाज को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को गति देने का संदेश दिया।



