पानी से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित, बुजुर्ग भी परेशान; शिकायतों के बाद भी व्यवस्था जस की तस, विद्युत विभाग को ज्ञापन देकर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
तिफरा (बिलासपुर)। तीन-चार दिन से ट्रांसफार्मर खराब है, बिजली कटौती जारी है और श्रीराम पार्क कॉलोनी के रहवासी परेशान हैं। बार-बार की समस्या और विभागीय स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं होने से अब कॉलोनीवासियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। बिजली संकट से नाराज रहवासियों ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू के नेतृत्व में विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता (डीई) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।


रहवासियों का कहना है कि मुख्य ट्रांसफार्मर फेल होने से पूरी कॉलोनी में विद्युत संकट गहरा गया है। बिजली की अनियमितता का सीधा असर पेयजल आपूर्ति, बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि समस्या की शिकायतें किए जाने के बावजूद विभागीय कर्मचारी व्यवस्था को सामान्य करने में नाकाम रहे हैं। इससे कॉलोनीवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
‘आखिर कब जागेगा बिजली विभाग?’
कॉलोनीवासियों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि मुख्य ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। बिजली की लगातार अनिश्चितता के कारण रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। पेयजल व्यवस्था पर असर पड़ने से परेशानी और बढ़ गई है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने तथा बुजुर्गों को बिजली संकट के बीच परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल हटाकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए और विद्युत आपूर्ति नियमित की जाए। इसके साथ ही अघोषित बिजली कटौती पर भी तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
पार्षद बोलीं- जनता में भारी रोष, अब सड़क पर उतरने की तैयारी
वार्ड पार्षद श्रीमती गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग की लचर कार्यप्रणाली से आम जनता में भारी रोष है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई और अघोषित कटौती पर रोक नहीं लगाई गई, तो कॉलोनीवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
ज्ञापन से साफ संदेश- अब आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए
रहवासियों ने विद्युत विभाग के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को लगातार परेशान होना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदला जाए और बिजली आपूर्ति सामान्य की जाए।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, शहर कांग्रेस महामंत्री महेश ठाकुर, अमित सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, बीएल सोनी, प्रेमनारायण सिंह, एसएस चंदेल, एडवोकेट वैभव शुक्ला, शिव श्रीवास, शरद यादव और शशांक गौरव सहित श्रीराम पार्क कॉलोनी के प्रमुख नागरिक एवं क्षेत्रीय निवासी मौजूद रहे।



