बिलासपुर, 30 सितंबर 2026। विधानसभा चुनाव के पूर्व जारी जनघोषणा पत्र ‘मोदी की गारंटी’ में किए गए वादों को लागू करने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ से संबद्ध संगठनों ने बुधवार को बिलासपुर में संभागीय प्रदर्शन किया। विकास भवन के सामने नेहरू चौक पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए महारैली निकाली और मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर बिलासपुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।





संघ के संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी और जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा ने बताया कि जनघोषणा पत्र में किए गए वादों के अनुरूप प्रदेश के कर्मचारी एवं अधिकारियों की मांगों पर आज तक, लगभग 3 वर्ष हो जाने के बाद भी उचित निर्णय नहीं लिया गया है। इसी को लेकर संघ के प्रांतीय निकाय के आह्वान पर 8 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया।
केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता समेत प्रमुख मांगें
संघ की प्रमुख मांगों में कर्मचारी एवं पेंशनरों को केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता देना, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करना तथा पेंशनरों के लिए आंध्रप्रदेश के पेंशनरों के समान व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके तहत छत्तीसगढ़ के पेंशनरों को 70 वर्ष की आयु पर पेंशन में 10 प्रतिशत, 75 वर्ष की आयु पर 15 प्रतिशत और 80 वर्ष की आयु पर 20 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही 6 अन्य मांगें भी रखी गई हैं।
मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी
धरना प्रदर्शन को संघ के प्रमुख संरक्षक पीआर यादव, प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा, जीआर चंद्रा, प्रांतीय महामंत्री संतोष पांडे, हिमांचल साहू, बिलासपुर जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा, जांजगीर के वीएस परिहार, मुंगेली के बिंदु भास्कर, रायगढ़ के कार्यकारी अध्यक्ष संजीव शेट्टी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के फकीरा यादव, शक्ति के राधे लाल भारद्वाज, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के सचिन तिवारी एवं कार्यालय सचिव राजेश्वर वस्त्रकर ने संबोधित किया।
अन्य संगठनों की ओर से रोहित तिवारी, डॉक्टर बीपी सोनी, रमेश द्विवेदी, संजय बंजारे, कमाल खान और एमपी राठौर सहित महिला प्रतिनिधि के रूप में श्रीमती मतीना बंजारे, नलनी साहू, पूनम सिंह बघेल, स्मृति मिश्रा और संतोषी यादव आदि ने राज्य शासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर उन्हें पूरा करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने से प्रदेश के कर्मचारियों को महंगाई एवं आर्थिक नुकसान से राहत मिल सकेगी।
संघ ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में प्रदेशव्यापी हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
धरना स्थल से कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए महारैली निकाली और कलेक्ट्रेट बिलासपुर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम का संचालन किशोर शर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन ओम त्रिपाठी ने किया।



