
बिलासपुर। प्रियदर्शनी समाज सेवा समिति, बिलासपुर की ओर से फिल्मी दुनिया के मशहूर गायक स्वर्गीय महेंद्र कपूर की पुण्यतिथि पर राघवेंद्र राव सभा भवन में संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति की ओर से आयोजित यह संगीत कार्यक्रम नवां वर्ष है। कार्यक्रम में स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने महेंद्र कपूर के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां देकर उन्हें सुरों के माध्यम से याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा स्वर्गीय महेंद्र कपूर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह और श्रीमती रितु पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गवई, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रंजीत सिंह खनूजा, समाजसेवक डॉ. तरु तिवारी, शिवा मुदलियर, मार्गेट बेंजामिन तथा समिति के संरक्षक विजय दुबे अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
राजकीय गीत से हुआ कार्यक्रम का आगाज
संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमती संध्या शर्मा ने छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ की प्रस्तुति से की। इसके बाद मंच पर स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों ने स्वर्गीय महेंद्र कपूर के सदाबहार गीत प्रस्तुत किए। कलाकारों की सुरमयी प्रस्तुतियों ने सभा भवन में मौजूद दर्शकों को संगीत की यादों से जोड़ दिया।
कार्यक्रम में राजेंद्र सोनी, नवीन चंद्र, वीरेंद्र गवई, रमेश पांडेय, कमलेश पांडेय, श्रीमती संध्या शर्मा, कुमारी आंचल, रिया डोंगरे, श्रीमती श्रुति नायक और विजयलक्ष्मी गायकवाड़ सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने मधुर गीतों से समां बांधा और स्वर्गीय महेंद्र कपूर को संगीत के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।
समिति के सदस्यों का भी रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रियदर्शनी समाज सेवा समिति के प्रमुख सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति द्वारा लगातार नौवें वर्ष महेंद्र कपूर की स्मृति में आयोजित इस आयोजन के माध्यम से संगीत प्रेमियों को उनके लोकप्रिय गीतों को सुनने और उनकी कला को याद करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों, कलाकारों और समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।



