Latest news

बिलासपुर में बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया ऑटो चालक, मुंह दबाकर किया दुष्कर्म; पुलिस ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में युवती को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता को जबरदस्ती ऑटो में बैठाया, रेलवे डिपो के गेट नंबर-03 के पास ले जाकर डराया-धमकाया और मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कुंदन पैलेस जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थी पीड़िता
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 सितंबर 2026 को पीड़िता एक नीले रंग के इलेक्ट्रॉनिक ऑटो क्रमांक CG 10 BU 9563 में सवार होकर कुंदन पैलेस गई थी। आरोप है कि ऑटो चालक करन दरभे ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने झांसे में लिया और जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर उसे एफसीआई चौक के आगे रेलवे डिपो के गेट नंबर-03 के पास सुनसान स्थान पर ले गया।
डराया-धमकाया, मुंह दबाकर किया दुष्कर्म
पुलिस के मुताबिक सुनसान स्थान पर आरोपी ने पीड़िता को डराया-धमकाया और उसके मुंह को हाथ से दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना तारबाहर में धारा 64, 138 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद तारबाहर पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश के दौरान जब पुलिस टीम उसके करीब पहुंची तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
मोबाइल जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करन दरभे पिता जवाहर सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, निवासी रामाग्रीन सिटी के आगे खमतराई, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल किया गया है।
पुलिस का कहना है कि महिला संबंधी अपराध की सूचना मिलते ही मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी की गई।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।