

मोदी गारंटी के तहत कर्मचारी हितों से जुड़ी घोषणाओं को लागू करने की मांग, 11:30 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
बिलासपुर, 29 सितंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की ओर से कर्मचारी हितों से जुड़ी मांगों और वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी गारंटी के तहत की गई घोषणाओं को लागू करने की मांग को लेकर बुधवार, 30 सितंबर 2026 को बिलासपुर में संभागीय धरना, प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम नेहरू चौक स्थित विकास भवन के सामने सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेगा।
संघ के जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा एवं संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी ने बताया कि कर्मचारी हितों के लिए वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में मोदी गारंटी के तहत की गई घोषणाओं को लागू कराने की मांग को लेकर यह संभागीय स्तर का धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की जा रही है। संघ ने कर्मचारियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
विभिन्न विभागों में चलाया संपर्क अभियान
संभागीय धरना, प्रदर्शन एवं रैली को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा बिलासपुर की ओर से संपर्क अभियान भी चलाया गया। संघ के पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में पहुंचकर कर्मचारियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
संपर्क अभियान के तहत पुराना बिल्डिंग, नया कंपोजिट बिल्डिंग, जिला पंचायत, जल संसाधन विभाग, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, कार्यालय संयुक्त संचालक कृषि तथा ग्रामीण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों में कर्मचारियों से संपर्क किया गया।
इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, प्रदेश समन्वयक जीआर चंद्रा, संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा, जिला सचिव दुर्गेश साहू एवं जिला कार्यालय सचिव राजेश्वर वस्त्रकार ने विभिन्न कार्यालयों में जाकर कर्मचारियों को धरना-प्रदर्शन एवं रैली की जानकारी दी और अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की।
3:30 बजे तक चलेगा कार्यक्रम
संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक 30 सितंबर को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक नेहरू चौक, विकास भवन के सामने संभागीय धरना-प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया जाएगा। संघ ने कर्मचारी साथियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।



