गोताखोरों के देर से पहुंचने पर परिजनों-मोहल्लेवासियों में नाराजगी, करीब सवा घंटे तक इंतजार का आरोप
बिलासपुर। शनिवार दोपहर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद स्थित मधुबन इलाके में अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चों के बह जाने से हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू कराई। कुछ देर बाद SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और SDRF की टीम नदी में दोनों बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास स्थित अरपा नदी में नहाने गए थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय दोनों नदी के ऐसे हिस्से में चले गए, जहां पानी में गहराई और गड्ढा था। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बहने लगे।
बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी में हो गए लापता
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया। हालांकि कुछ ही देर में दोनों बच्चे पानी में लापता हो गए। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और मोहल्लेवासियों को मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू कराई।
गोताखोरों के देर से पहुंचने पर नाराजगी
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चों की तलाश में तेजी लाने की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों ने गोताखोरों के देर से पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि हादसे के काफी देर बाद तक गोताखोर मौके पर नहीं पहुंच पाए। बताया गया कि करीब सवा घंटे बाद भी गोताखोरों के नहीं पहुंचने से परिजनों और मोहल्लेवासियों में आक्रोश देखने को मिला।
SDRF ने संभाला सर्च ऑपरेशन
बाद में SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और SDRF की टीम नदी के संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। दोनों बच्चों को खोजने के लिए नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की जा रही है। फिलहाल बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा है। परिजन भी मौके पर मौजूद हैं और बच्चों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस और SDRF की टीम द्वारा युद्धस्तर पर दोनों बच्चों की तलाश जारी है।
खबर में अपडेट जारी



