

बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन हुए हिंसक विवाद के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट के आदेश पर राम सिंह को केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ठाकुर राम सिंह फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान उसके मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम माकरी कुठार, थाना बृजपुर क्षेत्र में आरोपी के मित्र धीरेन्द्र पटेल के घर से उसे गिरफ्तार किया।
कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी ठाकुर राम सिंह को बिलासपुर लेकर पहुंची। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
जेल भेजे जाने की खबर मिलते ही समर्थक जुटे
ठाकुर राम सिंह को केंद्रीय जेल भेजे जाने की खबर सामने आने के बाद उसके समर्थकों की भीड़ केंद्रीय जेल के बाहर जुट गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। मामले में आगे भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।
अब तक 30 आरोपी गिरफ्तार
रक्षाबंधन के दिन कोतवाली थाने के पास हुए इस हिंसक विवाद के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, अब तक इस मामले में कुल 30 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह की गिरफ्तारी को भी इसी कार्रवाई की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है।
खबर में अपडेट जारी



