Latest news

मोदी गारंटी लागू कराने 30 सितंबर को संभागीय धरना और महारैली, 8 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों का संपर्क अभियान तेज

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर, 24 सितंबर 2026। मोदी गारंटी के तहत महंगाई भत्ता सहित 8 सूत्रीय मांगों को लागू कराने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने 30 सितंबर को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन और महारैली निकालने की तैयारी तेज कर दी है। बिलासपुर में महारैली को सफल बनाने के लिए संघ पदाधिकारियों और कर्मचारियों का विभिन्न शासकीय कार्यालयों में लगातार संपर्क अभियान चल रहा है।


संघ के जिला शाखा अध्यक्ष किशोर कुमार शर्मा एवं प्रदेश महामंत्री हिमाचल साहू ने बताया कि संघ की ओर से शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए पहले भी कई स्तरों पर ज्ञापन और संपर्क किया गया, लेकिन मांगों पर अब तक किसी प्रकार का विचार नहीं किया गया है। इसी के चलते संघ ने आंदोलन का निर्णय लिया है।
10 जून को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम सौंपा था ज्ञापन
संघ पदाधिकारियों के अनुसार मांगों को लेकर 10 जून 2026 को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद 10 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक प्रदेश के सभी सांसदों और विधायकों को भी मोदी गारंटी लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपे गए। इसके बावजूद मांगों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किए जाने के बाद संघ की सामान्य सभा की बैठक में आंदोलन का निर्णय लिया गया।
2 अगस्त 2026 को हुई सामान्य सभा की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अब 30 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन एवं महारैली आयोजित की जाएगी। इसके बाद मंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम संभागीय स्तर पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।


इन शासकीय संस्थानों में चलाया गया संपर्क अभियान
30 सितंबर के संभागीय धरना प्रदर्शन एवं महारैली को सफल बनाने के लिए संघ का संपर्क अभियान लगातार जारी है। इसके तहत जीएसटी, आईटीआई, रेशम, इंजीनियरिंग कॉलेज, रोजगार कार्यालय, ब्रेल प्रेस, शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, पॉलिटेक्निक, महिला आईटीआई और विकासखंड कोटा सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों में कर्मचारियों से संपर्क किया गया।
संपर्क अभियान में संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, प्रदेश जीआर चंद्रा, प्रदेश महामंत्री हिमाचल साहू, संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा, राजेश टंडन, राजेंद्र फाये, महेंद्र तिवारी, दुर्गेश साहू, कार्यालय सचिव राजेश्वर वस्त्रकार, जीआर वस्त्रकार, संभागीय प्रवक्ता अरविंद गुप्ता, जिला संगठन सचिव आनंद तिवारी, विकासखंड अध्यक्ष राजकुमार कोरी, विकासखंड सकरी अध्यक्ष विजय श्रीवास, मस्तूरी अध्यक्ष राहुल भारद्वाज, तखतपुर अध्यक्ष शशिकांत सोनी, बिल्हा अध्यक्ष डॉ. देवनारायण यादव तथा कार्यकारी अध्यक्ष अजय साहू सहित अन्य कर्मचारी साथी लगातार शामिल हो रहे हैं।
26 और 27 सितंबर को तैयारी बैठक
संघ की ओर से आगामी आंदोलन की तैयारियों को लेकर अलग-अलग जिलों में भी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। 26 सितंबर 2026 को जिला मानपुर-मोहला तथा 27 सितंबर 2026 को जिला दुर्ग में तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रांतीय पदाधिकारी शामिल होंगे।
संघ पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से 30 सितंबर को आयोजित होने वाले संभागीय धरना प्रदर्शन एवं महारैली में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।