Latest news

जातिगत जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम की मांग, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। आगामी जातिगत जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की वास्तविक और अद्यतन आबादी का प्रामाणिक आंकड़ा जुटाने तथा जनसंख्या के अनुपात में अधिकार, प्रतिनिधित्व और भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर पिछड़ा वर्ग विभाग ने गुरुवार को कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और जिला दंडाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में पिछड़ा वर्ग की बड़ी आबादी है, लेकिन OBC की वास्तविक एवं अद्यतन जनसंख्या का कोई आधिकारिक और प्रामाणिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं होने के कारण आबादी के अनुपात में अधिकारों और प्रतिनिधित्व का न्यायसंगत निर्धारण प्रभावित होता है। प्रतिनिधिमंडल ने जातिगत जनगणना में OBC के लिए पृथक एवं स्पष्ट कॉलम शामिल करने की मांग की।
आंकड़ों के बिना अधिकारों का न्यायसंगत निर्धारण संभव नहीं : सुनील साहू
ज्ञापन सौंपने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि भारत का संविधान सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास की अवधारणा पर आधारित है। देश और प्रदेश की कुल आबादी का बड़ा हिस्सा अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित है, जो लंबे समय से सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक न्याय की मांग करता रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के इतने दशकों बाद भी OBC वर्ग की वास्तविक और अद्यतन जनसंख्या का आधिकारिक व प्रामाणिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। जब तक सटीक आंकड़े सामने नहीं आएंगे, तब तक शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, छात्रवृत्ति और जनकल्याणकारी योजनाओं का न्यायसंगत निर्धारण संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े सामने आने के बाद ही पिछड़ा वर्ग की आबादी के अनुरूप उसके अधिकार और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस नीति बनाई जा सकती है।
OBC के लिए अलग कॉलम जरूरी : लक्ष्मीनाथ साहू
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि आबादी के अनुपात में सही प्रतिनिधित्व और भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आगामी राष्ट्रीय जातिगत जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग की गणना के लिए पृथक और स्पष्ट कॉलम जोड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने OBC समुदाय की वास्तविक संख्या का वैज्ञानिक, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आंकलन करने की मांग की। साथ ही जनगणना से प्राप्त आंकड़ों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक करने की बात कही।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
आगामी जातिगत जनगणना में OBC के लिए पृथक और स्पष्ट कॉलम शामिल किया जाए।
पिछड़ा वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का वैज्ञानिक, निष्पक्ष और पारदर्शी आंकलन किया जाए।
जनगणना से प्राप्त आंकड़ों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक किया जाए।
वास्तविक आंकड़ों के आधार पर आरक्षण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, शिक्षा और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की जाए।
आबादी के अनुपात में पिछड़ा वर्ग को उचित अधिकार, हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए नई नीतियां बनाई जाएं।
पिछड़ा वर्ग समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
सड़क से सदन तक जारी रहेगा संघर्ष
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष सुनील साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, मंडल अध्यक्ष संत सर्वे, राहुल राजपूत, छोटू यादव सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि पिछड़ा वर्ग को उसका हक और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।