बिलासपुर, 22 सितंबर 2026। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (JDA) CIMS बिलासपुर द्वारा चिकित्सकों की 17 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार शाम CIMS Auditorium से कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम में CIMS बिलासपुर के PG रेजिडेंट डॉक्टरों एवं इंटर्न डॉक्टरों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से आवाज उठाई।
कैंडल मार्च के माध्यम से चिकित्सकों ने विशेष रूप से PG स्टाइपेंड में वृद्धि, बॉन्ड पॉलिसी की अवधि कम करने सहित JDA की अन्य लंबित एवं जायज़ मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग सरकार के समक्ष रखी।
JDA पदाधिकारियों ने कहा कि यह कैंडल मार्च केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि चिकित्सकों के अधिकार, सम्मान और बेहतर कार्य-परिस्थितियों के लिए एकजुटता का प्रतीक है।
जनसेवा के साथ अधिकारों की आवाज
JDA CIMS बिलासपुर के पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सक कठिन परिस्थितियों में भी लगातार मरीजों की सेवा कर रहे हैं। संगठन हमेशा से यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आंदोलन के दौरान आम जनता एवं मरीजों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो।
JDA ने सरकार से अपील की कि चिकित्सकों की 17 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेते हुए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं।
चिकित्सकों ने एकजुट होकर संकल्प व्यक्त किया कि जब तक उनकी जायज़ मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से उनका संघर्ष जारी रहेगा।
JDA CIMS Bilaspur ने कैंडल मार्च में शामिल सभी PG रेजिडेंट्स एवं इंटर्न डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया और कहा कि चिकित्सकों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।



