सराफा एसोसिएशन के अभियान में सेवा, संवाद और सामाजिक सहभागिता पर हुआ विचार-विमर्श









बिलासपुर, 20 सितंबर 2026। बिलासपुर सराफा एसोसिएशन की ओर से आयोजित सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान के चौथे दिन विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में समाजहित, सेवा, जनजागरूकता और सराफा समाज की सामाजिक भूमिका को लेकर संवाद एवं विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेढ़ क्षत्रिय मारवाड़ी सोनी समाज, बिलासपुर के अध्यक्ष सज्जन सोनी रहे। उनके साथ कार्यकारी अध्यक्ष राजेश सोनी और कोषाध्यक्ष शुभम सोनी भी उपस्थित रहे। जैन सेना बिलासपुर से मनोज सोनी एवं टीम, सराफा समाज के वरिष्ठ विजय शाह और सुशील सोनी तथा बंगाली कारीगर संघ के अध्यक्ष विश्वजीत पोढ़े एवं टीम ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की आरती के बाद वंदेमातरम् के सामूहिक गान से हुई। इसके बाद छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने स्वागत उद्बोधन दिया और अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी।
कमल सोनी ने कहा कि सराफा समाज व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की आवश्यकताओं, सेवा कार्यों, रोजगार और सामाजिक सहभागिता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सामाजिक संगठनों के आपसी समन्वय और सहभागिता को समाज की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र के प्रति सेवा-समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विकास के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपने स्तर पर सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाजहित, सेवा भावना, सामाजिक संगठनों की भूमिका, व्यापारी समाज की जिम्मेदारी और जनजागरूकता सहित विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ। उपस्थित लोगों ने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की भावना व्यक्त की।
मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। अंत में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ ने मुख्य अतिथि, सामाजिक संगठनों, पदाधिकारियों, सराफा व्यापारियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान:
सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। आगामी कार्यक्रमों में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और नागरिक संगठनों की सहभागिता के साथ सेवा, संवाद और जनजागरूकता को आगे बढ़ाया जाएगा।



