Latest news

तीज मिलन में बिखरे संस्कृति के रंग, प्रतिभाओं का सम्मान; सामाजिक भवन को मिली सेंट्रल कूलिंग और मिनी साउंड सिस्टम की सौगात

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर, 20 सितंबर। चंद्रा विकास समिति बिलासपुर के सामाजिक भवन में महिला समिति की ओर से आयोजित तीज मिलन समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के बीच संपन्न हुआ। समारोह में गीत, गायन, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने समां बांधा। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान करने के साथ 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम चंद्रा विकास समिति के अध्यक्ष श्री श्यामलाल चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। समारोह में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर के वानिकी विभाग के प्राध्यापक श्री कृष्ण कुमार चंद्रा, बीआईटी दुर्ग के प्राध्यापक एवं सीएसवीटीयू भिलाई के डीन ह्यूमैनिटीज एंड मैनेजमेंट डॉ. अशोक कुमार चंद्रा, चंद्रनाहू चंद्रा समाज छत्तीसगढ़ की केंद्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति चंद्रा, सामाजिक कार्यकर्ता श्री कन्हैयालाल चंद्रा तथा डॉ. भगवती विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सामाजिक भवन को मिली सुविधाओं की सौगात
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा सामाजिक भवन में सेंट्रल कूलिंग सुविधा का उद्घाटन किया गया। वहीं गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव श्री टीपी सिंह ने समिति को मिनी साउंड सिस्टम भेंट किया। नई सुविधाओं से सामाजिक भवन में आयोजित होने वाले सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई।
गीत-नृत्य और नाट्य ने बांधा समां


महिला समिति की श्रीमती लखेश्वरी चंद्रा एवं श्रीमती हेमा चंद्रा ने बताया कि तीज मिलन कार्यक्रम में महिलाओं और प्रतिभागियों ने गीत, गायन, नृत्य एवं नाट्य की प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समूह नृत्य में हेमा, लखेश्वरी, सुलोचना, संगीता, प्रगति एवं रश्मि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में पूर्वी एवं मणिन्द्र ने प्रथम स्थान हासिल किया। एकल गायन में श्रीजम्या एवं कल्याणी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं नाट्य मंचन में गीता एवं कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

वरिष्ठजनों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में वरिष्ठजनों के सम्मान की परंपरा भी निभाई गई। इस अवसर पर श्री राम कुमार एवं रघुवंशी चंद्रा को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले खुशी, अंशु, विवेक, रितिका, रुक्मणी, जिज्ञासा, पूर्वी, युवराज एवं प्रगति को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
महिला समिति की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला समिति के साथ समाज के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। समारोह में गंगा देवी, रोशनी, प्रीति, अर्चना, सुनीता, पूर्णिमा, बिमला, गणेश, कन्हैया, राजेंद्र, चंदन, कंचन, ओंकार, प्रकाश, हर्षवर्धन, सूरज, अनिल, जीवन, प्रकाश, लक्ष्मी, रोहित, अजय सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।
तीज मिलन समारोह ने जहां सामाजिक एकजुटता और आपसी मेल-जोल का संदेश दिया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभा सम्मान के जरिए नई पीढ़ी को अपनी कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।