राधा रानी जन्मोत्सव और श्रीमद्भागवत कथा में होंगे शामिल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. जीव राखन लाल गुप्ता के परिजनों से करेंगे मुलाकात
रायपुर/पंडरिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि एवं जनपद पंचायत पंडरिया के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन तिवारी शनिवार को पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका दिन धार्मिक आयोजनों, सामाजिक मुलाकातों और कांग्रेस नेताओं से सौजन्य भेंट के कार्यक्रमों से भरा रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अर्जुन तिवारी सबसे पहले पंडरिया नगर के प्रतिष्ठित नागरिक श्रवण शर्मा के निवास पहुंचेंगे, जहां आयोजित राधा रानी जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे मोनू तिवारी के निवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में शरीक होंगे।
इसके बाद अर्जुन तिवारी जिला कबीरधाम के वरिष्ठतम कांग्रेसी नेता स्वर्गीय जीव राखन लाल गुप्ता के परिजनों से मुलाकात करने उनके निवास पहुंचेंगे। स्व. गुप्ता ने 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद देह त्याग किया था। तिवारी इस दौरान उनके परिवारजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम के अगले चरण में वे जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल तथा पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राधेलाल भास्कर से उनके निवास पर पहुंचकर सौजन्य मुलाकात करेंगे।
दिन के अंतिम कार्यक्रम में अर्जुन तिवारी रात्रि 8 बजे नगरपालिका पंडरिया के रौहा में आयोजित पंजा छाप गणेश उत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे गणेश उत्सव में सहभागिता करेंगे और आयोजकों एवं क्षेत्रवासियों से मुलाकात करेंगे।
इस तरह शनिवार को अर्जुन तिवारी का पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता से लेकर सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लोगों से मुलाकात तक का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित है।



