Latest news

बिलासपुर में अपराध पर पुलिस का शिकंजा… दुष्कर्म, हत्या, लूट, चोरी और हथियारबाजी के मामलों में कार्रवाई

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
17 Min Read

बिलासपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए गंभीर अपराधों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की है। चकरभाठा में शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार हुआ, सीपत में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी 24 घंटे के भीतर पकड़ा गया। हिर्री में खेत की फसल चरने की मामूली बात को लेकर कीटनाशक पिलाकर हत्या करने के आरोप में चार लोगों और विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया। वहीं सिरगिट्टी पुलिस ने चोरी के एक मामले में आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने के साथ राउरकेला से लूट के दो फरार आरोपियों को पकड़ा। सरकंडा पुलिस ने भी सरेआम मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीपत में तलवार और चापड़ लहराकर डराने-धमकाने के मामले में दो आरोपी पकड़े गए हैं।
शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म का आरोप, चकरभाठा पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में दूसरी जाति का होने की बात कहकर शादी से इनकार करने के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी रंजीत गिरी गोस्वामी पिता दिनेश पुरी गोस्वामी, उम्र 25 वर्ष, निवासी तेलियापुरान, थाना जारहगांव, जिला मुंगेली, हाल मुकाम वार्ड नंबर 12 विकासनगर, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 25 अगस्त 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि रंजीत गिरी गोस्वामी ने शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने पीड़िता के दूसरी जाति का होने की बात कहते हुए उससे शादी करने से इनकार कर दिया।
रिपोर्ट के आधार पर चकरभाठा पुलिस ने धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद थाना प्रभारी चकरभाठा ने थाना स्तर पर टीम गठित की। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लिया और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुकान का ताला तोड़कर नकदी और राशन सामान चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर नकदी और राशन सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
आरोपी राहुल महतो पिता दिनेश महतो, उम्र 26 वर्ष, निवासी भवानी नगर, शिव मंदिर के पास, सिरगिट्टी, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अगस्त की रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान का ताला बंद कर घर चला गया था। 24 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि दुकान के शटर पर ताला नहीं लगा था।
दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखे पैसे और राशन सामान गायब मिले। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 3500 रुपए बताई गई। मामले में 26 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपराध कायम कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्धों से बारीकी से पूछताछ की। इसी दौरान राहुल महतो से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मशरूका बरामद की गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
सोने की चेन लूटकर फरार हुए दो आरोपी राउरकेला से गिरफ्तार
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में महिला से मारपीट कर सोने की चेन लूटने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने ओडिशा के राउरकेला से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. सोनू सोनकर उर्फ टेनी पिता गुलाब सोनकर, उम्र 29 वर्ष, निवासी न्यू बस स्टैंड, मछली मार्केट, थाना प्लांट साइट, राउरकेला, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा।
2. मोहम्मद ईरफान अंसारी उर्फ झुले पिता स्वर्गीय करीम अंसारी, उम्र 19 वर्ष, निवासी माल गोदाम मदरसा, थाना उदित नगर, राउरकेला, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 की सुबह करीब 8.15 बजे प्रार्थिया अपने घर के पास फूल तोड़ रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर तीन युवक वहां पहुंचे। एक युवक उसके पीछे और दो युवक सामने की ओर से आए। आरोपियों ने महिला के साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की और उसके गले में पहनी पुरानी इस्तेमाल की हुई करीब एक तोला वजन की सोने की चेन, जिसमें लॉकेट लगा था, लूटकर फरार हो गए। लूटी गई चेन की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई।
मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों नवीन साहू और प्रमोद सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार थे।
फरार आरोपियों की तलाश के लिए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
पुलिस ने दीगर राज्य में तलाश के लिए अनुमति प्राप्त कर ओडिशा में आरोपियों की पतासाजी शुरू की। लगातार तलाश और मशक्कत के बाद पुलिस ने सोनू सोनकर उर्फ टेनी और मोहम्मद ईरफान अंसारी उर्फ झुले को हिरासत में लिया और गिरफ्तार कर थाना सिरगिट्टी लाया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद, दो युवकों ने डंडे और बेल्ट से की मारपीट; दोनों गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति से अश्लील गाली-गलौज कर हाथ-मुक्का, डंडे और बेल्ट से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. विनित कुमार श्रीवास पिता विनय श्रीवास, उम्र 26 वर्ष, निवासी गोखले नाला के पास, डबरीपारा, उसलापुर, थाना सकरी, बिलासपुर।
2. किशन ध्रुव पिता सियाराम ध्रुव, उम्र 29 वर्ष, निवासी गोखले नाला के पास, डबरीपारा, उसलापुर, थाना सकरी, बिलासपुर।
मामला अपराध क्रमांक 1210/2026 से संबंधित है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी शनि कुमार बंजारे पिता स्वर्गीय जनक राम बंजारे, उम्र 35 वर्ष, निवासी इमलीभाठा जोगी आवास, मकान नंबर सी/21, थाना सरकंडा, ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी ने बताया कि 26 अगस्त को वह अपनी पत्नी भगवती कोरी और बच्चों के साथ ईद का त्योहार देखने के लिए गोल बाजार बिलासपुर गया था। त्योहार देखने के बाद वह परिवार के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान विनित श्रीवास ने उसे गणेश अस्पताल के पास बुलाया, जहां वह गार्ड का काम करता है।
विनित ने पूर्व में घरेलू काम के लिए प्रार्थी से पैसे लिए थे। पैसे वापस करने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान विनित श्रीवास ने अपने दोस्त किशन ध्रुव के साथ मिलकर प्रार्थी के साथ अश्लील गाली-गलौज की और हाथ-मुक्का, डंडे तथा बेल्ट से मारपीट की।
डॉक्टर द्वारा किए गए मुलाहिजा में प्रार्थी को सामान्य चोट होना दर्ज किया गया। रिपोर्ट के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में तत्काल टीम गठित की गई। टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़कर गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के साथ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
खेत की फसल चरने की बात पर विवाद, कीटनाशक पिलाकर हत्या का आरोप; चार गिरफ्तार, बालक भी अभिरक्षा में
बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र में खेत की फसल चरने की मामूली बात को लेकर एक व्यक्ति को पकड़कर जबरदस्ती कीटनाशक पिलाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामला अपराध क्रमांक 229/2026 का है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना 27 अगस्त 2026 को सुबह करीब 7.45 बजे ग्राम मुरू-खरकेना मार्ग, थाना हिर्री क्षेत्र में बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. गोलू उर्फ जगजीवन पठारी पिता जगदीश पठारी, उम्र 31 वर्ष, निवासी मुरू।
2. मनमोहन पठारी पिता जगदीश पठारी, उम्र 30 वर्ष, निवासी मुरू।
3. संदीप यादव पिता सत्तू यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी पथराली, थाना हिर्री।
4. राकेश निर्मलकर पिता अश्वनी निर्मलकर, उम्र 26 वर्ष, निवासी अमसेना, थाना हिर्री।
इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी मामले में अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मर्ग क्रमांक 35/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच के दौरान मृतक राजू निर्मलकर पिता कोदू निर्मलकर, उम्र 58 वर्ष, निवासी पथराली, थाना हिर्री, की मौत से जुड़े तथ्यों की जांच की गई।
मर्ग जांच के दौरान मृतक की पत्नी शीला निर्मलकर पति राजू निर्मलकर, उम्र 55 वर्ष, निवासी पथराली के कथन, घटनास्थल के निरीक्षण और मर्ग इंटीमेशन पंचनामा की कार्रवाई के अवलोकन में पुलिस को जानकारी मिली कि खेत की फसल चरने की बात को लेकर आरोपियों ने मृतक को पकड़ा और जबरदस्ती कीटनाशक दवा पिला दी, जिससे उसकी मौत हुई।
इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 229/2026 में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए गए।
थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।
आरोपी गोलू उर्फ जगजीवन पठारी का मेमोरेंडम कथन लिया गया। पुलिस के अनुसार उसने हत्या करने की नीयत से अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक को कीटनाशक औषधि पिलाने और कीटनाशक का डिब्बा घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपाने की बात बताई।
इसके बाद गोलू उर्फ जगजीवन पठारी, मनमोहन पठारी, संदीप यादव और राकेश निर्मलकर को गिरफ्तार किया गया। साथ ही विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
घर के बाथरूम में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मी नारायण यादव पिता मनमोहन यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी कौड़िया बंधवापारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर है।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को पीड़िता थाना सीपत पहुंची और लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि लक्ष्मी नारायण यादव पीड़िता के घर के बाथरूम में घुसा और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 470/2026 में धारा 64(2)(एम) बीएनएस तथा धारा 4 और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत थाना प्रभारी सीपत ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को उसके निवास स्थान से हिरासत में लेकर थाना लाया। पूछताछ के बाद पुलिस के अनुसार आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
तलवार और चापड़ लहराकर डराने-धमकाने का आरोप, सीपत पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुला में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और एक चापड़ बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. दिनेश कोराम पिता अवधराम कोराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
2. शरद पटेल पिता संतराम पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि ग्राम बिटकुला के हरदुलीपारा में कलेश्वर सूर्यवंशी के घर के सामने गली में दिनेश कोराम और शरद पटेल धारदार हथियार लेकर खड़े हैं। दोनों पर कलेश्वर सूर्यवंशी और उसके घरवालों को मारने-पीटने के लिए डराने-धमकाने और तलवार तथा चापड़ लहराने का आरोप था।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सीपत ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दिनेश कोराम और शरद पटेल को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दिनेश कोराम के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार और शरद पटेल के कब्जे से एक लोहे का धारदार चापड़ बरामद किया गया। दोनों हथियार जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।