Latest news

धान रोपाई के लिए निकले थे मजदूर… बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: खेत पहुंचने से पहले पलटा ट्रैक्टर, दो महिला मजदूरों की मौत, छह गंभीर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


19 मजदूरों को ट्रैक्टर में भरकर धान रोपाई के लिए ले जाया जा रहा था, मुड़पार के पास अनियंत्रित होकर पलटा वाहन; पुलिस जांच में जुटी


बिलासपुर। बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। धान रोपाई के लिए खेत जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर मुड़पार के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल ट्रैक्टर में करीब 19 मजदूरों को बैठाकर धान की रोपाई के लिए खेत ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, वह सकर्रा के सरपंच के नाम पर पंजीकृत है और सभी मजदूर सरपंच के खेत में रोपाई करने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था। मुड़पार के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें सवार कई मजदूर उसके नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।
इस भीषण हादसे में बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना और ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर ले जाना हादसे के प्रमुख कारणों के रूप में सामने आ रहे हैं। पुलिस चालक चंद्रशेखर पटेल की भूमिका के साथ-साथ सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर कृषि कार्यों में मजदूरों के परिवहन के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेत पहुंचने से पहले ही दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि कई परिवारों के सदस्य अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।