Latest news

एक दिन… दो हत्याएं… और दो रिश्तों का खूनी अंत… पिता बना बेटे का कातिल, उधर ‘गुरु-चेला’ विवाद में किन्नर की गला घोंटकर हत्या

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

बिलासपुर में 24 घंटे के भीतर डबल मर्डर से सनसनी, दोनों हत्याकांडों का पुलिस ने घंटों में किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग हत्याओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। एक तरफ तखतपुर में शराब और मोटरसाइकिल को लेकर हुए विवाद में पिता ने अपने ही बेटे की डंडे से पीटकर हत्या कर दी, तो दूसरी ओर सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के गुरु-चेला विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया, जहां एक किन्नर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक ही दिन में सामने आए इन दो जघन्य हत्याकांडों ने जिले में सनसनी फैला दी है।


पहला हत्याकांड : शराब, मोटरसाइकिल और गुस्सा… पिता ने बेटे को मार डाला
तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमूली में सोमवार को घरेलू विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पुलिस के अनुसार मृतक विजेंद्र कुमार श्रीवास (30 वर्ष) शराब पीकर घर पहुंचा और मोटरसाइकिल को लेकर अपने पिता मोहित श्रीवास (56 वर्ष) से विवाद करने लगा।
बताया गया कि विजेंद्र मोटरसाइकिल अपने पास रखने की बात कह रहा था, जबकि पिता ने इसका विरोध करते हुए उससे मोटरसाइकिल के पैसे मांगे। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज शुरू हो गई। गुस्से में पिता ने पास रखे डंडे से बेटे के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से विजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आरोपी पिता मोहित श्रीवास को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरा हत्याकांड : गुरु-चेला प्रथा पर विवाद… किन्नर की गला दबाकर हत्या
दूसरी सनसनीखेज वारदात सकरी थाना क्षेत्र के जोकी में सामने आई, जहां तन्नू खान नामक किन्नर की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि तन्नू खान की किन्नर वर्षा जान और मीरा उर्फ आशीष से मित्रता थी। तीनों गुरु-भाई बताए गए हैं। 20 जुलाई को सभी जोकी स्थित मीरा के घर पहुंचे, जहां रास्ते में रिया उर्फ राकेश (24 वर्ष) भी उनके साथ शामिल हो गया। सभी ने साथ बैठकर शराब पी और मछली खाई।
इसी दौरान बातचीत गुरु-चेला परंपरा पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार तन्नू खान ने रिया से पूछा कि उसका गुरु कौन है और उसे अपना गुरु बनाने की बात कही। किन्नर समाज में प्रचलित परंपरा के अनुसार गुरु को वार्षिक और मासिक राशि देने की बात भी कही गई। रिया ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि वह किसी का चेला नहीं है और न ही उसका कोई गुरु है।
यहीं से विवाद शुरू हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों घर से निकलकर तालापारा की ओर पैदल चले गए। बाद में दोनों का संपर्क टूट गया।
पूछताछ में आरोपी रिया उर्फ राकेश ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि गुरु-चेला विवाद के दौरान उसने एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास तन्नू खान का गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, चप्पल और चार्जर समेत अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घंटों में खुली दोनों हत्याओं की गुत्थी
दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई सामने आई। तखतपुर पुलिस ने पिता को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया, वहीं सकरी पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, पूछताछ और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए किन्नर हत्याकांड का भी कुछ ही घंटों में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सकरी थाना पुलिस की विवेचना, पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई के आधार पर हत्या में प्रयुक्त घटनाक्रम का खुलासा हुआ और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
एक दिन… दो हत्याएं… कई सवाल
एक ओर पारिवारिक विवाद ने पिता-पुत्र के रिश्ते को हमेशा के लिए खत्म कर दिया, तो दूसरी ओर किन्नर समाज के भीतर का विवाद हत्या तक पहुंच गया। दोनों घटनाएं अलग-अलग कारणों से हुईं, लेकिन दोनों ने एक बार फिर यह दिखाया कि मामूली शुरू हुआ विवाद भी किस तरह जानलेवा रूप ले सकता है।
बिलासपुर में एक ही दिन में सामने आए इन दो हत्याकांडों ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक तनाव को लेकर चर्चा तेज कर दी है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।