बिलासपुर। बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक तेज रफ्तार कार मकान का मुख्य गेट तोड़ते हुए सीधे घर के भीतर घुस गई। कार ने घर का दरवाजा और खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त कर दीं। घटना के वक्त मकान मालिक संजय अग्रवाल बरामदे में टहल रहे थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। सभी ने किसी तरह मौके से हटकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामले को जान से मारने के प्रयास का मामला मानते हुए उत्तराखंड निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना तारबाहर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं से गहन जांच कर रही है।
रात 8 बजे मचा हड़कंप, गेट तोड़कर घर में घुसी कार
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी संजय अग्रवाल ने थाना तारबाहर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 17 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने मकान के बरामदे में टहल रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार अचानक उनके मकान के मुख्य गेट को तोड़ते हुए परिसर के अंदर घुस गई।
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह गेट तोड़ने के बाद घर के दरवाजे और खिड़कियों को भी क्षतिग्रस्त करती हुई जाकर रुकी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
समय रहते हटे, नहीं तो जा सकती थी जान
रिपोर्ट में संजय अग्रवाल ने बताया कि घटना के समय वह और उनके परिवार के सदस्य किसी तरह मौके से हट गए। यदि वे समय रहते नहीं बचते तो उनकी जान जा सकती थी। उन्होंने रिपोर्ट में इस पूरे घटनाक्रम को जान से मारने की नीयत से किया गया कृत्य बताया।
घटना में प्रयुक्त वाहन का नंबर MP-04-CX-6273 पुलिस ने मौके पर ही चिन्हित कर लिया।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
प्रकरण में थाना तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 239/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर तत्काल एक्शन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को मामले की जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना कारित करने वाले वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तराखंड से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में आशीष तिवारी (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी घनश्याम तिवारी का पुत्र है और बद्रीपुर रोड, नेहरूग्राम, आंशिक धर्मपुर, जिला देहरादून (उत्तराखंड) का निवासी है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP-04-CX-6273 तथा एक मोबाइल फोन विधिवत जब्त किया है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
तारबाहर पुलिस के अनुसार यह गंभीर मामला है। घटना के पीछे की वजह, आरोपी की मंशा तथा अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन विवेचना की जा रही है।



