Latest news

5-5 लाख की सुपारी में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप की हत्या की साजिश, रेलवे अस्पताल के पास डंडों से जानलेवा हमला, 2 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड समेत 2 फरार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

बिलासपुर। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप की हत्या के लिए 5-5 लाख रुपये की सुपारी देकर रची गई साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। तारबाहर थाना पुलिस की विवेचना में सामने आया है कि गौरेला-पेंड्रा निवासी आरोपियों को बिलासपुर बुलाकर श्याम कश्यप की हत्या करने का जिम्मा सौंपा गया था। आरोपी रेलवे अस्पताल के पास पहले से घात लगाकर बैठे थे और जैसे ही श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक पर पहुंचे, उन पर डंडों से प्राणघातक हमला कर दिया गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कथित मास्टरमाइंड दीपक तिवारी और एक अन्य आरोपी साहिल सोनकर अब भी फरार हैं।
पुलिस ने मामले में पहले दर्ज अपराध में विवेचना के दौरान

आपराधिक षड्यंत्र, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराएं जोड़ते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
मुंह बांधकर पहुंचे हमलावर, बोले- जान से मार देंगे… फिर बरसाए डंडे
तारबाहर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 221/2026 के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंचे। तीनों के हाथ में डंडे थे। उन्होंने अश्लील गालियां देते हुए श्याम कश्यप को जान से मारने की धमकी दी और सिर, हाथ तथा पैरों पर ताबड़तोड़ डंडों से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट श्याम कश्यप के पुत्र शिशिर कश्यप ने तारबाहर थाने में दर्ज कराई।
CCTV और तकनीकी जांच से खुली पूरी साजिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। फुटेज में दिखाई दी मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर उसके मालिक तक पहुंचकर पूछताछ की गई, जिसके बाद चारों आरोपियों की पहचान हो गई।
पूछताछ में खुलासा- 5-5 लाख का लालच देकर दी गई थी हत्या की जिम्मेदारी
गिरफ्तार आरोपी नितिन टेकाम (21 वर्ष), निवासी पटेराटोला, थाना गौरेला, जिला जीपीएम और एक विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या करने के एवज में प्रत्येक को पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था।
योजना के तहत नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और विधि से संघर्षरत बालक अपनी बजाज पल्सर (CG-31 C-1957) से बिलासपुर पहुंचे। दीपक तिवारी भी बिलासपुर आया और घटना के समय रेलवे अस्पताल के आसपास मौजूद रहा।
‘यही है… काम तमाम करना है’ कहकर कराया हमला
पुलिस के अनुसार, मॉर्निंग वॉक पर निकले श्याम कश्यप को देखते ही दीपक तिवारी ने तीनों आरोपियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि “यही वह व्यक्ति है, जिसका काम तमाम करना है।”
इसके बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे दो आरोपियों ने हाथ में रखे लकड़ी के डंडों से श्याम कश्यप के सिर, हाथ और पैरों पर लगातार वार किए। हमला करने के बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
डंडा, बाइक और मोबाइल जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
2 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड और साथी अब भी फरार
पुलिस ने आरोपी नितिन टेकाम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय में पेश किया गया। मामले के कथित मास्टरमाइंड दीपक तिवारी और आरोपी साहिल सोनकर की तलाश जारी है।
इन धाराओं में दर्ज है मामला
तारबाहर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 221/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 और 55 के तहत कार्रवाई की जा रही है। विवेचना के दौरान आपराधिक षड्यंत्र और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।