Latest news

सकरी बंद: अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ व्यापारियों का फूटा गुस्सा, बाजार बंद कर बिजली कार्यालय का घेराव

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने बड़ा आंदोलन किया। व्यापारी संघ के आह्वान पर पूरे सकरी बाजार में बंद रखा गया। अधिकांश दुकानों के शटर बंद रहे और व्यापारियों ने एकजुट होकर बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव करते हुए नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मांग उठाई।


व्यापारियों का आरोप है कि पिछले काफी समय से बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली गुल हो रही है। इससे व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और आम जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बिजली कटने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो जाते हैं, ग्राहक वापस लौट जाते हैं और छोटे व्यापारियों को प्रतिदिन आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कई शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान
व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि बिजली कटौती की समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई और व्यवस्था सुधारने की मांग भी रखी गई, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। मजबूर होकर व्यापारियों को आंदोलन और बाजार बंद का रास्ता अपनाना पड़ा।
बंद के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी बिजली कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए तथा नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
‘यह केवल व्यापारियों का नहीं, पूरे क्षेत्र का मुद्दा’
व्यापारी संघ का कहना है कि यह आंदोलन सिर्फ व्यापारियों के हितों के लिए नहीं बल्कि पूरे सकरी क्षेत्र के नागरिकों की समस्या को लेकर किया गया है। लगातार बिजली कटौती से घरेलू उपभोक्ता, विद्यार्थी, मरीज और छोटे उद्योग भी प्रभावित हो रहे हैं।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
विद्युत विभाग के रुख पर टिकी निगाहें
फिलहाल सकरी क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों की निगाहें विद्युत विभाग पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि विभाग व्यापारियों की मांगों पर क्या कदम उठाता है और क्षेत्रवासियों को अघोषित बिजली कटौती से कब राहत मिलती है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।