Latest news

तलाकशुदा महिला की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली, हत्या या कुछ और… ऐसे 70% मामले अनसुलझे, पुलिस के लिए फिर एक नई चुनौती

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

00 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के तिलक नगर का मामला

00 सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के तिलक नगर क्षेत्र  में एक तलाकशुदा महिला का शव उसके किराए के कमरे में सोमवार को मिला था। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां  तिलक नगर में चांटापर हनुमान मंदिर के पीछे रहने वाली 44 वर्षीय जया सुखनंदन की लाश सोफे पर पड़ी हुई पाई गई। शव तीन-चार दिन पुराना था, जिससे बदबू फैलने लगी थी। पड़ोसियों ने दरवाजे से झांककर देखा, तो महिला मृत पाई गई। घटना की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंचीथी।पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी, फोरेंसिक और गवाहों की कमी कई मामलों को सुलझाने में बड़ी बाधा रही है। अब तक संदिग्ध लाशों के 70% मामले अनसुलझे हैं। यह मामला भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।

कमरे में संघर्ष के संकेत

पुलिस के मुताबिक, कमरे में कटे बाल और बिखरा हुआ सामान मिला, जिससे यह संदेह होता है कि महिला के साथ मौत से पहले संघर्ष हुआ होगा। शव पर कीड़े लग चुके थे, और दरवाजा खुला हुआ था। फोरेंसिक टीम ने जांच के दौरान कुछ अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और परिजनों से संपर्क साधा है।

महिला का व्यक्तिगत जीवन

जया सुखनंदन की शादी 15 साल पहले हुई थी, लेकिन दो महीने के भीतर ही तलाक हो गया। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगीं और फिर तिलक नगर में किराए पर रहने लगीं। उनके आसपास के लोगों के अनुसार, जया अकेले रहती थीं और हाल के दिनों में उनकी गतिविधियों पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

मौत की वजह पर सवाल

कमरे के हालात और दरवाजा खुला मिलने से यह स्पष्ट है कि घटना संदिग्ध है। पुलिस का मानना है कि वारदात के बाद आरोपी भाग गया। प्रारंभिक जांच में महिला के संघर्ष करने के संकेत मिले हैं, लेकिन हत्या के मकसद और आरोपी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

जांच जारी

पुलिस महिला के सामाजिक और व्यक्तिगत संबंधों की पड़ताल कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट से मामले की दिशा तय होगी।

-बिलासपुर में सुलझे नहीं कई मामलों की गुत्थी

पिछले दो सालों में बिलासपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 25 से अधिक लाशें मिली हैं।

मस्तूरी (2023): एक युवक का शव खेत में मिला, पर कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।

तोरवा (2022): महिला की हत्या का मामला पुलिस सुलझाने में असफल रही।

सिविल लाइन (2021): एक व्यापारी की लाश मिलने के बावजूद केस बंद कर दिया गया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।