Latest news

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय पदक विजेता बेसबॉल खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों का किया सम्मान, खेल के विकास के लिए दिया आश्वासन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

रायपुर। 31वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बेसबॉल चैंपियनशिप, भुवनेश्वर (ओडिशा) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों एवं छत्तीसगढ़ बेसबॉल संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी प्रदेश का गौरव हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बेसबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. पलक जायसवाल , संयुक्त सचिव अख्तर खान, अंकित दुबे व संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। डॉ. जायसवाल ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में बेसबॉल खेल की गतिविधियों एवं उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बेसबॉल लंबे समय से खेला जा रहा है तथा प्रत्येक वर्ष छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष बेसबॉल खेल के विकास, खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान, प्रशिक्षण सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक संसाधनों से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी बातों को गंभीरता से सुना तथा खेल के विकास के लिए हरसंभव सहयोग और सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

छत्तीसगढ़ बेसबॉल संघ की महासचिव सुश्री मिताली घोष ने बताया कि मुख्यमंत्री से हुई यह मुलाकात खिलाड़ियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रही। मुख्यमंत्री द्वारा खिलाड़ियों का सम्मान एवं उत्साहवर्धन किए जाने से उनका मनोबल और बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से बेसबॉल खेल को नई दिशा मिलेगी तथा भविष्य में छत्तीसगढ़ के और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस दौरान पदक प्राप्त खिलाड़ी अथर्व दीवान आरव दीवान दीपक यादव हर्षवर्धन राय चिंटू साहू राहुल यादव, खुशी दिव्या, भूमि दिव्या, आयुषी रजक, सोनाली ध्रुव, रागिनी ध्रुव साथ में कोच लखनलाल देवांगन व संदीप गाहिरे मौजूद थे

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।