
खुले मैदान, पेड़, जलाशय और ऊँचे स्थानों से दूर रहने की सलाह; बिजली गिरने पर 108 एम्बुलेंस और अस्पताल से तत्काल संपर्क करने को कहा
रायपुर। प्रदेश में वर्षाकाल के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने आम नागरिकों के लिए जन-जागरूकता अपील जारी की है। विभाग ने कहा है कि आकाशीय बिजली एक प्राकृतिक आपदा है, लेकिन समय रहते सावधानी बरतकर जनहानि और गंभीर दुर्घटनाओं के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
विभाग के अनुसार मौसम खराब होने, बादल गरजने या बिजली चमकने की स्थिति में लोगों को खुले मैदान, खेत, पहाड़ी, जलाशय, पेड़ के नीचे तथा अन्य ऊँचे स्थानों पर रुकने से बचना चाहिए। ऐसी परिस्थितियों में तुरंत किसी पक्के भवन या बंद चारपहिया वाहन में सुरक्षित आश्रय लेने की बात कही गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा है कि बिजली कड़कने के दौरान नदी, तालाब अथवा अन्य जल स्रोतों से दूरी बनाए रखें। इसके साथ ही धातु के कृषि उपकरण, लोहे की रॉड, तार या अन्य धातु की वस्तुओं के साथ खुले स्थान पर नहीं रहना चाहिए। विभाग ने मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने पर भी जोर दिया है।
खुले में फँस जाएँ तो अपनाएँ यह स्थिति
विभाग की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर फँस जाए और सुरक्षित भवन तक पहुँचना संभव न हो, तो जमीन पर पूरी तरह लेटने के बजाय दोनों पैरों को साथ रखकर नीचे झुक जाए, सिर नीचे रखें तथा आसपास मौजूद अन्य लोगों से कुछ दूरी बनाए रखें। विभाग के अनुसार इससे आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में जोखिम कम हो सकता है।
बिजली गिरने के बाद क्या करें
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति पर आकाशीय बिजली गिर जाए तो उसे छूना पूरी तरह सुरक्षित होता है। ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाकर 108 एम्बुलेंस सेवा अथवा निकटतम स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करने और शीघ्र अस्पताल पहुँचाने की बात कही गई है।
विभाग के अनुसार यदि प्रभावित व्यक्ति श्वास नहीं ले रहा हो अथवा उसकी नाड़ी नहीं चल रही हो, तो प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा सीपीआर (CPR) प्रारंभ किया जा सकता है और जल्द से जल्द अस्पताल पहुँचाना चाहिए।
लोगों से जागरूकता फैलाने की भी अपील
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने नागरिकों से वर्षाकाल के दौरान स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों की जानकारी देने की अपील की है। विभाग ने मौसम संबंधी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने पर भी जोर दिया है।
विभाग का संदेश
“जब गरज सुनाई दे, तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएँ। आपकी सतर्कता ही आपका जीवन बचा सकती है।”



