बाजार चौक में खूनी वारदात से सनसनी, पीछे से दबोचकर किया हमला; मौत के बाद हत्या की धाराएं बढ़ीं, आरोपी जेल भेजा गया
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। फल दुकान संचालक मनीष गोस्वामी पर धारदार चाकू से किए गए जानलेवा हमले के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट (32) को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। घायल की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 7 जून की रात करीब 9:30 बजे मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी दुर्गेश साहू वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पीछे से मनीष को दबोच लिया और अपने पास रखे धारदार चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मनीष लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस हरकत में आई और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद मनीष की हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही मामला हत्या में तब्दील हो गया।
महिला को लेकर था विवाद, आक्रोश में रची खूनी साजिश
पुलिस विवेचना में सामने आया कि मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ संबंध था। बताया गया कि उक्त महिला ग्राम सैदा में रह रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू लंबे समय से नाराज था और उसके मन में मनीष के प्रति गहरा आक्रोश था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने हमला कर वारदात को अंजाम दिया।
रायपुर में छिपा था आरोपी, रातोंरात पहुंची पुलिस टीम
थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल रायपुर रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
हत्या का मामला दर्ज, भेजा गया जेल
सिरगिट्टी थाना में पहले अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन घायल की मौत के बाद प्रकरण में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ दी गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज मर्डर की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

