फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल की संयुक्त संचालक कार्यालय में अहम बैठक; सेवा पुस्तिका, जीपीएफ सत्यापन और लंबित पदोन्नतियों पर प्रशासन ने दिया आश्वासन
बिलासपुर। बिलासपुर संभाग के हजारों शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर के नेतृत्व में संयुक्त संचालक (जेडी) कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात कर शिक्षकों की लंबित समस्याओं, सेवा शर्तों और पदोन्नति से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में विभाग की ओर से वरिष्ठता सूची, टेट उत्तीर्ण शिक्षकों के अधिकारों और पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण आश्वासन दिए गए।


फेडरेशन द्वारा प्रस्तुत मांगों पर चर्चा के दौरान संयुक्त संचालक ने स्पष्ट किया कि संभाग स्तर पर त्रुटिरहित एवं अद्यतन वरिष्ठता सूची जल्द जारी की जाएगी। इसके अलावा टेट (TET) उत्तीर्ण एवं योग्यता धारी प्राथमिक प्रधान पाठकों तथा शिक्षक संवर्ग के हित में एक स्पष्ट आदेश जारी किया जाएगा, जिससे सेवा पुस्तिका में आवश्यक प्रविष्टियां सुनिश्चित हो सकें।
पदोन्नति पर विभाग का स्पष्ट रुख
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण विषय लंबित पदोन्नतियों का रहा। संयुक्त संचालक ने बताया कि इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) से आवश्यक मार्गदर्शन मांगा गया है। डीपीआई से दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही संभाग स्तर पर लंबित पदोन्नति की प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ शुरू कर पूरी की जाएगी।
सेवा पुस्तिका और जीपीएफ सत्यापन का मुद्दा भी उठा
फेडरेशन ने शिक्षकों की सेवा पुस्तिका के भौतिक सत्यापन और जीपीएफ पासबुक के अद्यतनीकरण का मुद्दा भी उठाया। फेडरेशन ने मांग की कि सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से इस संबंध में कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र लिया जाए। इस पर सहायक संचालक ने सहमति जताते हुए कहा कि विभाग जल्द ही सभी बीईओ से प्रमाण पत्र मंगाकर समीक्षा करेगा।
बैठक में ये रहे प्रमुख आश्वासन
त्रुटिरहित एवं अद्यतन वरिष्ठता सूची जल्द जारी होगी।
टेट उत्तीर्ण शिक्षकों के लिए सेवा पुस्तिका प्रविष्टि संबंधी स्पष्ट आदेश जारी होगा।
डीपीआई से मार्गदर्शन मिलते ही लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होगी।
सेवा पुस्तिका एवं जीपीएफ सत्यापन के लिए बीईओ से पूर्णता प्रमाण पत्र लिया जाएगा।
फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इन आश्वासनों से संभाग के हजारों शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान का रास्ता खुलेगा। उन्होंने कहा कि फेडरेशन शिक्षकों के अधिकारों और न्यायसंगत मांगों के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा।
बैठक में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी कुर्रे, प्रदेश सलाहकार रंजीत बनर्जी, चंद्रप्रकाश तिवारी, जिला अध्यक्ष बिलासपुर सुनील पाण्डेय, जिला अध्यक्ष जांजगीर-चांपा हरीश कुमार गोपाल, जिला उपाध्यक्ष पुष्पलता कृष्णा, जिला अध्यक्ष जीपीएम दिनेश राठौर, जिला सचिव रविन्द्र कुमार खुटे, गोविंद मानिकपुरी, जिला अध्यक्ष रायगढ़ सी.पी. डडसेना, अजीत कुजूर, सुधीर मानिकपुरी, गेंदलाल अहिरवार, हरिश्चंद्र वैष्णव, शैलेश रितेश दीक्षित, इंद्रमण मरावी, देवेंद्र साहू, संतु यादव, सतनाम जोशी, सावन सिंह ध्रुव, ओम प्रकाश सोनवानी, रणजीत सिंह राठौड़, हृदय राठौर, ईश्वर यादव, बसंत दुबे, आशुतोष राजपूत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

