

बिलासपुर। शहर की राजनीति में एक बार फिर पोस्टर और सोशल मीडिया के जरिए सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पिछले विधानसभा चुनाव में बिलासपुर सीट से प्रत्याशी रहे शैलेश पांडेय ने भाजपा विधायक अमर अग्रवाल को सीधे निशाने पर लेते हुए शहर की कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला है।
सोशल मीडिया पर जारी पोस्टर में शैलेश पांडेय ने सवाल उठाया है कि “बिलासपुर को अपराध मुक्त बनाने वाले अमर अग्रवाल आखिर कहां हैं?” उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि शहर में अपराध पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है तो विधायक को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।
पांडेय ने आरोप लगाया कि बिलासपुर में लूट, चाकूबाजी और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका दावा है कि आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जबकि सरकार “सुशासन तिहार” के नाम पर उपलब्धियों का प्रचार कर रही है। उन्होंने इसे जनता के साथ छल और धोखा करार दिया।
कांग्रेस नेता ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ महंगाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है और जनता हर मोर्चे पर परेशान है।
लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद शांत दिख रही स्थानीय राजनीति में शैलेश पांडेय के इस पोस्टर वार ने नया सियासी तापमान पैदा कर दिया है। अब निगाहें भाजपा और विधायक अमर अग्रवाल की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी रणनीति और जनमत निर्माण की कवायद के रूप में भी देख रहे हैं।

