Latest news

सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ का दमदार डबल धमाका, बालक टीम ने राजस्थान को 15-0 से रौंदा, बालिका टीम ने पंजाब को किया क्लीन स्वीप

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

भुवनेश्वर/रायपुर। ओडिशा के KIIT यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर में आयोजित 31वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बेसबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की बालक और बालिका दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। लगातार जीत के सिलसिले को बरकरार रखते हुए दोनों टीमों ने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दमदार खेल दिखाया।

छत्तीसगढ़ बेसबॉल संघ की महासचिव सुश्री मिताली घोष ने बताया कि 24 से 29 मई 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश की दोनों टीमें बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतर रही हैं, जिसका परिणाम सेमीफाइनल के रूप में सामने आया है।

क्वार्टर फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ बालक टीम का सामना राजस्थान से हुआ। मैच की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज अपनाया और विपक्षी टीम पर पूरी तरह हावी रहे। शानदार बल्लेबाजी, मजबूत फील्डिंग और बेहतरीन टीमवर्क की बदौलत छत्तीसगढ़ ने राजस्थान को एकतरफा मुकाबले में 15-00 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।

वहीं बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ टीम ने पंजाब के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों ने संयम और रणनीति के साथ खेलते हुए 2 रन बनाए, जबकि पंजाब की टीम को पूरे मैच में खाता तक नहीं खोलने दिया। मजबूत डिफेंस और सटीक फील्डिंग के दम पर टीम ने मुकाबला 02-00 से जीत लिया।

पूरे टूर्नामेंट में बालक वर्ग में संजू, राहुल, चंद्रेश, हर्षवर्धन, दीपक, कमल, पंकज और अथर्व का प्रदर्शन शानदार रहा। वहीं बालिका वर्ग में कामिनी, मुकेश, रागिनी, सोनाली, खुशी, आयुषी, चांदनी और शालिनी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

महासचिव सुश्री मिताली घोष ने खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया है और उम्मीद है कि खिलाड़ी आगामी मुकाबलों में भी इसी प्रदर्शन को जारी रखते हुए प्रदेश के लिए पदक जीतेंगे।

संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पलक जायसवाल, उपाध्यक्ष डॉ. कैरोलाइन सत्तूर, कोषाध्यक्ष पूर्णिमा मिश्रा और सदस्य मृत्युंजय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई देते हुए सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

टीम के कोच एवं मैनेजर अख्तर खान, लखन लाल देवांगन, चेतना देवलिया, पायल साखरे और संदीप गाहिरे खिलाड़ियों का लगातार मार्गदर्शन कर रहे हैं। दोनों टीमों के सेमीफाइनल मुकाबले गुरुवार को खेले जाएंगे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।