Latest news

सड़क गायब, पानी बंद… विधायक धरमलाल कौशिक के गढ़ में जनता बेहाल! 45 डिग्री की तपिश में महिलाओं संग कलेक्ट्रेट पहुंचा गांव

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read
विधायक धरमलाल कौशिक


बिलासपुर। प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से मजबूत पकड़ रखने वाले बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक के इलाके में विकास की तस्वीर अब सवालों के घेरे में है। सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए ग्रामीणों को कलेक्ट्रेट का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि 45 डिग्री से ज्यादा तापमान में महिलाएं और ग्रामीण कई किलोमीटर का सफर तय कर जनदर्शन में पहुंचने को मजबूर हुए। ग्राम पंचायत सेवार के ग्रामीणों ने आधा दर्जन से ज्यादा ज्ञापन सौंपकर इलाके की बदहाली की परतें खोल दीं।
सबसे बड़ा मुद्दा नगपुरा से झाल तक की सड़क को लेकर सामने आया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक सड़क नहीं बन पाई। हालत यह है कि सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात में सड़क तालाब बन जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा हर समय बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की स्वीकृति तक निरस्त हो चुकी है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्राम पंचायत सेवार के सरपंच लहरण लाल रजक ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में साफ लिखा है कि नगपुरा से झाल तक सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाता है और आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत या नए निर्माण की मांग की है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में पूर्व में जनपद पंचायत को प्रस्ताव और दस्तावेज दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सिर्फ सड़क ही नहीं, पानी की समस्या ने भी ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी में कई मोहल्लों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। महिलाएं दूर-दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के दावे सिर्फ भाषणों तक सीमित हैं, जमीनी स्तर पर हालात बद से बदतर हैं।
जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। गांव में लो-वोल्टेज, कटौती और खराब ट्रांसफार्मर की शिकायतें सामने आईं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर रही कि भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। जनदर्शन में उमड़ी भीड़ और महिलाओं की मौजूदगी ने यह साफ संकेत दिया कि गांवों में नाराजगी बढ़ रही है। राजनीतिक गलियारों में अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर इतने लंबे समय से प्रतिनिधित्व करने के बाद भी बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के कई गांव विकास की बुनियादी जरूरतों से क्यों जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी टूटी सड़क, सूखे नल और बदहाल बिजली व्यवस्था के रूप में सामने है। कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने साफ कहा कि अगर जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।