Latest news

कलेक्ट्रेट की बदहाल व्यवस्था पर भड़का लिपिक संघ

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read


दुर्गंध, पानी संकट और कैंटीन की कमी को लेकर कलेक्टर से शिकायत, मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम
मुंगेली। जिला कलेक्ट्रेट स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में कर्मचारियों और आम लोगों को हो रही बुनियादी समस्याओं को लेकर आखिरकार लिपिक संघ ने प्रशासन के सामने मोर्चा खोल दिया। शौचालयों में पानी नहीं होने से फैल रही दुर्गंध, पीने के पानी की कमी और कैंटीन व्यवस्था के अभाव को लेकर जिला लिपिक संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
लिपिक संघ जिला मुंगेली के जिला अध्यक्ष एस ए रिजवी ने बताया कि कम्पोजिट बिल्डिंग में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। शौचालयों में पानी का बहाव नहीं होने से परिसर में लगातार दुर्गंध फैल रही है, जिससे कर्मचारियों के साथ-साथ रोजाना काम से आने वाले आम नागरिक भी परेशान हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भवन में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारी और ग्रामीण घंटों तक कार्यालय में रहते हैं, लेकिन कैंटीन सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें भोजन और पानी के लिए भटकना पड़ता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कुंदन कुमार सिंह ने ज्ञापन मिलने के तुरंत बाद अपर कलेक्टर को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर निष्ठा पाण्डे तिवारी, मायानन्द चन्द्रा तथा पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी।
लिपिक संघ के जिला अध्यक्ष एस ए रिजवी ने कलेक्टर की त्वरित प्रतिक्रिया पर आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में कर्मचारियों की अन्य समस्याओं पर भी प्रशासन इसी तरह संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करेगा।
कलेक्ट्रेट जैसी महत्वपूर्ण सरकारी इमारत में मूलभूत सुविधाओं की कमी ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।