Latest news

“चाचा दरवाजा खोलो…” और फिर बरस पड़े चाकू: प्रेमिका के सामने हुई ‘बेइज्जती’ का सिरगिट्टी में खूनी बदला

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

आधी रात गैंग बनाकर पहुंचे बदमाशों ने स्टील कारोबारी को घर में घुसकर गोदा
बिलासपुर के औद्योगिक इलाके में क्राइम का खौफनाक चेहरा… मामूली टोकाटाकी के बाद लौटे हमलावर, गालियां, धमकी, चाकूबाजी और पत्थरबाजी से दहशत; पुलिस ने 3 आरोपियों और एक नाबालिग को दबोचा, लेकिन वारदात ने खोल दी सिरगिट्टी के बिगड़ते माहौल की परतें
बिलासपुर। सिरगिट्टी का औद्योगिक इलाका फैक्ट्रियों और कारोबार के लिए नहीं, बल्कि बढ़ती आपराधिक घटनाओं और बेलगाम बदमाशों की वजह से भी चर्चा में आने लगा है। बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील में हुई चाकूबाजी की वारदात ने इलाके में दहशत का ऐसा माहौल बना दिया, जिसने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया।
एक मामूली विवाद… एक टोकाटाकी… और फिर उसी बात का ऐसा खूनी बदला कि देर रात घर का दरवाजा खुलते ही चाकू निकल आया। बदमाशों ने पहले “चाचा दरवाजा खोलो” कहकर भरोसा दिलाया और फिर अंदर घुसते ही कारोबारी पर टूट पड़े। गालियां, धमकियां, चाकू से वार और पत्थरबाजी… पूरी वारदात किसी क्राइम पेट्रोल की स्क्रिप्ट जैसी नजर आई।
घटना 17 मई की रात करीब 10:35 बजे की बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि सरस्वती स्टील में काम करने वाले एक कर्मचारी को उसके मालिक गुड्डू मिश्रा ने रहने के लिए कमरा दिया हुआ था। कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ बाजार गया था और कमरे की चाबी अपने दोस्त को दे गया था।
इसी दौरान युवक अपनी प्रेमिका/मंगेतर को लेकर कमरे में पहुंच गया। तभी वहां सरस्वती स्टील के मालिक गुड्डू मिश्रा पहुंच गए। उन्होंने युवक को कमरे में इस तरह की गतिविधियां नहीं करने की हिदायत दी। उस समय युवक वहां से “अब नहीं आएंगे” कहकर निकल गया, लेकिन प्रेमिका के सामने हुई इस फटकार को वह कथित तौर पर अपमान मान बैठा।
पुलिस के मुताबिक, इसी बेइज्जती का बदला लेने के लिए युवक ने अपने साथियों को इकट्ठा किया और कुछ देर बाद फिर मौके पर पहुंच गया। रात में बदमाशों ने दरवाजा खटखटाया और “चाचा दरवाजा खोलो” कहकर अंदर आने का रास्ता बनाया। जैसे ही दरवाजा खुला, आरोपी जबरन अंदर घुस गए।
इसके बाद घर के भीतर जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिला दिया। आरोपियों ने पहले अश्लील गाली-गलौज शुरू की, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए गुड्डू मिश्रा पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार उनकी जांघ में घुटने के ऊपर लगा। हमले के दौरान बदमाशों ने ईंट-पत्थरों से गेट पर भी हमला किया और फिर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। मामला सिर्फ चाकूबाजी तक सीमित नहीं था, बल्कि यह उस बढ़ती आपराधिक मानसिकता का संकेत भी था जिसमें मामूली विवाद सीधे खूनी हमलों में बदलते जा रहे हैं।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 363/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351, 118(1), 333, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को तत्काल जानकारी दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने विशेष टीम गठित की।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित ठिकानों पर छापेमारी के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश मसीह उर्फ बट्टू (26), पुनीत राव गजवे (22) और पियुष रजक (19) शामिल हैं। सभी आरोपी तारबाहर क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। आरोपी अविनाश मसीह के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू, मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त किया गया, जबकि अन्य आरोपियों और अपचारी बालक के पास से मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी घटना ने सिरगिट्टी क्षेत्र में बढ़ते अपराध, बेलगाम युवकों और गैंग बनाकर हमले करने की बढ़ती प्रवृत्ति को फिर सामने ला दिया है। औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद यहां लगातार बढ़ती गुंडागर्दी, हथियारों का खुला इस्तेमाल और मामूली विवादों में जानलेवा हमले अब स्थानीय लोगों और व्यापारियों के बीच डर का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।